भीलवाड़ा: 5 हजार रुपये के रिफंड को लेकर बवाल... दर्जनों युवक दुकान में घुसे और शुरू कर दी मारपीट, जानें फिर क्या हुआ?

न्यूज तक डेस्क

• 03:14 PM • 27 Sep 2026

Bhilwara News: भीलवाड़ा जिले के गंगापुर में वॉशिंग मशीन के रिफंड को लेकर भारी हंगामा हो गया. दर्जनों युवकों ने महावीर रेफ्रिजरेशन दुकान में घुसकर व्यापारी और उनके कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट की. घटना का खौफनाक CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया.

वॉशिंग मशीन के ₹5000 रिफंड पर बवाल
वॉशिंग मशीन के ₹5000 रिफंड पर बवाल
Google CTA

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गंगापुर से दुकान में मारपीट का मामला सामने आया है. यहां एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर वॉशिंग मशीन के 5 हजार रुपये के रिफंड को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कई युवक दुकान में घुस गए और दुकान मालिक व कर्मचारी के साथ मारपीट की. पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Read more!

रिफंड को लेकर शुरू हुआ विवाद

गंगापुर की महावीर रेफ्रिजरेशन दुकान पर यह घटना हुई. दुकान मालिक संपत जाट के मुताबिक, एक खराब वॉशिंग मशीन को कंपनी में भेजा गया था. इसी दौरान कुछ लोग 5 हजार रुपये के रिफंड की मांग को लेकर दुकान पर पहुंचे. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया.

आरोप है कि इसके बाद चार-पांच गाड़ियों में दर्जनों युवक दुकान पर पहुंचे और वहां मारपीट शुरू कर दी. दुकान में मौजूद लोगों ने घटना को रोकने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता चला गया.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

मारपीट की यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. गंगापुर थाना प्रभारी पुरण मल मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की.

पुलिस ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें बागौर थाना क्षेत्र के बावलास निवासी श्रवण जाट (25), बोरियापुरा निवासी अशोक जाट (28) और लेसवा निवासी जगदीश जाट (36) शामिल हैं.

दुकान मालिक के हाथ में फ्रैक्चर

दुकान मालिक संपत जाट का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया. उनकी पत्नी आरोपियों से पति को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं. आरोप है कि इसके बावजूद मारपीट जारी रही.

संपत जाट के मुताबिक, दुकान में काम करने वाले कर्मचारी धर्मराज भील के साथ भी मारपीट की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर दुकान के गल्ले से 5500 रुपये भी लेकर चले गए.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान विवाद की पूरी वजह और घटना का क्रम स्पष्ट किया जा रहा है. मामले में सामने आए CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: जिसके नाम से खौफ खाता था Jaipur.. वो 'Lady Don' अपने ही पति के हाथों कैसे और क्यों हुई खत्म!