राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की खजूरी पंचायत समिति में उपप्रधान पद के चुनाव से जुड़े घटनाक्रम के दौरान जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सागर राणा के बीच तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है. इस पूरी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बहस के दौरान विधायक गोपीचंद मीणा ने पुलिस की कार्यप्रणाली और कथित रूप से गाड़ियों को एस्कॉर्ट दिए जाने पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों के विपरीत लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है और कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों या विरोधियों को लेकर पुलिस का रुख पक्षपातपूर्ण है.
ADVERTISEMENT
तीन FIR और कार्रवाई का मुद्दा
विधायक ने दावा किया कि उन्होंने तीन एफआईआर (FIR) दी थीं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने संबंधित व्यक्तियों- जिसमें महावीर के पिता, बाबूलाल की पुत्री मनीषा के कथित अपहरण और सिपाही दिलराज गुर्जर से जुड़े मामले का जिक्र आया. इसके संदर्भ में पुलिस से जवाब मांगा और पीड़ित परिवारों से बात कराने की मांग की.
SP सागर राणा का पक्ष
एसपी सागर राणा ने विधायक के आरोपों पर सख्त रुख अपनाते हुए कानून और निर्वाचन प्रक्रिया का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ न बढ़ जाए इसलिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी तरह के गलत एस्कॉर्ट के आदेश नहीं हैं. अपहरण के दावे पर एसपी ने कहा कि संबंधित व्यक्ति ने स्वयं अपनी मर्जी से जाने और अपहरण न होने के बयान दिए हैं, जिसकी लिखित रिपोर्ट, वीडियो और दस्तावेज मौजूद हैं और कानून के तहत किसी बालिग व्यक्ति को जबरदस्ती नहीं ले जाया जा सकता.
गाली सुन भड़के एसपी राणा
बहस के दौरान विधायक के गाली-गलौच पर दोनों के बीच तकरार हो गई. विधायक ने विरोधियों पर निशाना साधने की बात कहते हुए ऊंची आवाज में बात न करने की बात कही, जबकि एसपी ने जनप्रतिनिधि होने का हवाला देते हुए सभ्यता और नियम-कानून के दायरे में रहने को कहा. एसपी ने कहा- सर गाली मत दीजिए. तमीज होती है किसी चीज की. इसपर बीजेपर विधायक ने सफाई दी कि उन्होंने अपशब्द एसपी के लिए नहीं बल्कि प्रत्याशी के लिए बोले हैं.
खजूरी पंचायत समिति में हुए बवाल से शुरू हुई कहानी
दरअसल पूरे मामले की पटकथा 27 नवंबर को प्रधान के चुनाव के दौरान लिखी गई. भीलवाड़ा जिले के खजूरी पंचायत समिति में 15 वार्डों में से कांग्रेस पार्टी की 10 वार्ड में जीत दर्ज हुई थी. 5 वार्ड में बीजेपी की जीत हुई थी. यहां कांग्रेस पार्टी का प्रधान बनना तय था. यहां बहुमत के लिए महज 8 वोटों की जरूरत थी. वहीं कांग्रेस के पास 10 वोट थे. कांग्रेस पार्टी ने मीरा देवी मीणा को प्रत्याशी बनाया था. आरोप है कि जब कांग्रेस पार्टी के पंचायत समिति के सदस्य मीरा देवी मीणा को वोट देने बस में आ रहे थे तभी बीच रास्ते में कथित ग्रामीणों ने बस रोक लिया और तोड़फोड़ कर दी. बस आगे नहीं बढ़ पाई और कांग्रेस पार्टी का बहुमत होने के बावजूद मीरा देवी चुनाव हार गईं. यहां बीजेपी की आशा मीणा प्रधान चुनी गईं.
फिर ऐसे बढ़ा विवाद और मामले ने पकड़ा तूल
दरअसल मामले में एक और कहानी सामने आ रही है. स्थानीय स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता बाबू मीणा की पत्नी मनीषा मीणा को प्रधान का टिकट दिए जाने की मांग कर रहे थे. हालांकि पार्टी ने मीरा देवी मीणा को प्रत्याशी बना दिया. कहा जा रहा है कि इसी बात पर ग्रामीण और समर्थक भड़क गए. बाद में मनीषा मीणा ने निर्दलीय के रूप में उपप्रधान का चुनाव लड़ लिया जहां भाजपा ने उन्हें समर्थन दे दिया. बावजूद इसके कांग्रेस के हेमराज रेगर 3 वोटों से जीत गए.
फिर बीजेपी विधायक और एसपी के बीच क्यों हुआ विवाद ?
उप प्रधान के चुनाव के दिन यानी शनिवार सुबह 10 बजे नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई. कांग्रेस पार्टी से वार्ड जीत चुकीं मनीषा मीणा ने निर्दलीय उप प्रधान पद के लिए नामांकन भरा. इनको बीजेपी ने समर्थन दे दिया. इधर कांग्रेस पार्टी की ओर से हेमराज रेगर ने नामांकन भरा. जब ये लौट रहे थे तभी इनकी गाड़ियों को बीजेपी विधायक गोपीचंद मीणा और उनके समर्थकों ने रोक लिया. आरोप लगाया कि गाड़ी में हिस्ट्रीशीटर हैं. मौके पर भीड़ जमा होने लगी तो पुलिस ने गाड़ी जाने दिया. जिसपर बीजेपी विधायक ने एसपी राणा पर हिस्ट्रीशीटरों की गाड़ी एस्कॉर्ट करने का आरोप लगाया. इसी बात पर विवाद हो गया.
विवाद में डोटासरा की हुई एंट्री
इधर एसपी और बीजेपी विधायक के तकरार का वीडियो सोशल मीडिया X पर शेयर करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा- खुलेआम SP और पुलिसकर्मियों को गाली देना, धमकाना और रौब झाड़ना.. आखिर किस बात का घमंड है? सत्ता का नशा इतना भी सिर चढ़कर नहीं बोलना चाहिए कि जनप्रतिनिधि कानून, संविधान और सारी मर्यादाएं ही भूल जाएं! भीलवाड़ा के जहाजपुर से भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा ने खजूरी में उप प्रधान चुनाव के दौरान SP और पुलिसकर्मियों के साथ जिस तरह का अभद्र व्यवहार किया है, वो बेहद शर्मनाक है. पुलिस अधिकारियों को खुलेआम गाली देना, धमकाना और चुनाव जीतने के लिए दबाव बनाना सत्ता का अहंकार है.''
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम से मांगा जवाब
पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मामले में सीएम भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से जवाब मांगते हुए कहा- क्या विधायक गोपीचंद मीणा को कानून से ऊपर रहने की खुली छूट मिली हुई है? या ये सब आपकी सहमति से हो रहा है? क्या पुलिस विभाग अपने ही अधिकारियों और जवानों के अपमान पर FIR दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई करेगा, या सत्ता के दबाव में खामोश रहेगा? जहाजपुर, कोटड़ी और खजूरी में जिस तरह लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटने की कोशिश की गई, कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो और दोषी चाहे कितना ही रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
ADVERTISEMENT


