भीलवाड़ा: शादीशुदा प्रेमिका को लेकर जंगल गया युवक, फिर हत्या कर गांव में घूमता रहा आरोपी, आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ?

प्रमोद तिवारी

• 12:30 PM • 18 Jul 2026

Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा में प्रेम संबंधों में पैदा हुए शक ने एक महिला की जान ले ली. आरोपी प्रेमी ने महिला को जंगल ले जाकर उसके ही स्टोल से गला घोंट दिया. गुमशुदगी की जांच के दौरान कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचा दिया.

भीलवाड़ा में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत
भीलवाड़ा में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत
Google CTA

Bhilwara Murder Case: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में प्रेम संबंधों में उपजे शक ने एक महिला की जान ले ली. यहां एक शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी के बीच का यह रिश्ता बेहद खौफनाक मोड़ पर आकर खत्म हुआ. प्रेमी को शक था कि उसकी प्रेमिका किसी दूसरे व्यक्ति से भी बातचीत करती है. इसी अविश्वास के चलते दोनों के बीच सुनसान जंगल में बहस हुई और अगले ही पल प्रेमी ने महिला के ही स्टोल से उसका गला घोंट दिया. हत्या की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव में बेहद सामान्य तरीके से घूमता रहा, लेकिन इस एक सबूल ने पुलिस को कातिल तक पहुंचा दिया.

Read more!

अचानक लापता हुई महिला, कॉल डिटेल ने खोला राज्र

यह घटना भीलवाड़ा जिले के शंभूगढ़ थाना क्षेत्र के दौलतपुरा की ढाणी की है. यहां रहने वाले सुखदेव रैगर ने 10 जुलाई को अपनी पत्नी मंजू उर्फ गीता रैगर के अचानक लापता होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी. परिवार को उम्मीद थी कि मंजू जल्द ही वापस लौट आएगी, लेकिन हकीकत कुछ और ही थी. पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जब मंजू के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली, तो जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई. मंजू के कॉल रिकॉर्ड्स से पुलिस को नई आबादी बरसनी निवासी जगदीश बैरवा के बारे में पता चला, जिससे मंजू के प्रेम संबंध थे.

शक के चलते बनाया था मर्डर का प्लान

पुलिस ने जगदीश बैरवा को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में वह खुद को बेगुनाह बताता रहा और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की सख्त पूछताछ के आगे उसकी मनगढ़ंत कहानी ज्यादा देर नहीं टिक सकी और उसने मंजू की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. लेकिन कुछ समय से जगदीश को शक होने लगा था कि मंजू उसके अलावा किसी और से भी बात करती है. इसी गुस्से और नफरत में आकर उसने मंजू को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.

जंगल में ले जाकर स्टोल से घोंटा गला

आरोपी जगदीश 9 जुलाई (पिछले गुरुवार) को मंजू से मिलने पहुंचा. वह उसे अपनी बाइक पर बिठाकर रायला थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा के पास स्थित जंगल में ले गया. सुनसान इलाके में दोनों के बीच इस बात को लेकर काफी बहस हुई. गुस्साए जगदीश ने आव देखा न ताव और मंजू के ही स्टोल (दुपट्टे) से उसका गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया. वारदात के बाद आरोपी मंजू की लाश को जंगल में ही छोड़कर फरार हो गया और गांव में इस तरह रहने लगा जैसे कुछ हुआ ही नहीं था ताकि किसी को शक न हो.

समाज में आक्रोश, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जगदीश की निशानदेही पर पुलिस ने रानीखेड़ा के जंगल से मंजू का शव बरामद किया. शव को रायला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद दौलतपुरा की ढाणी में प्रशासन की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार किया गया. मृतका मंजू रैगर मूल रूप से उतरेडा सापड़ा बनेड़ा की निवासी थी और उसका ससुराल परसनी जोपुरा की ढाणी में था. घटना के बाद रैगर समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और उन्होंने दोषी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने आरोपी जगदीश बैरवा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: पाली में खौफनाक मंजर! ढाबे में अचानक घुसा बेकाबू टैंकर, सामने आया CCTV फुटेज