Bhilwara news: राजस्थान के भीलवाड़ा नगर निगम और जिले की 10 नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं. नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्ण बहुमत हासिल किया है, वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को यहां करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है. जिले की नगर पालिकाओं में भी भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई है.
ADVERTISEMENT
70 में से 45 वार्डों पर बीजेपी का कब्जा
भीलवाड़ा नगर निगम की कुल 70 वार्डों में से भारतीय जनता पार्टी ने 45 पर परचम फहराकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है. दूसरी ओर, कांग्रेस मात्र 10 वार्डों पर ही सिमट कर रह गई. अन्य और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 15 वार्डों में जीत दर्ज की है.
अथॉरिटी लेटर वाली क्या है कहानी ?
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी अपने 17 उम्मीदवारों के चुनाव चिन्ह का अथॉरिटी लेटर समय पर जमा नहीं करा सकी थी, जिसके कारण वह केवल 53 सीटों पर ही चुनाव लड़ पाई थी और उसमें से भी केवल 10 सीटें ही जीत सकी. गुटबाजी के बावजूद निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी, भाजपा के पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी और सांसद दामोदर अग्रवाल के समर्थकों के साथ मिलकर भाजपा ने यहां दमदार प्रदर्शन किया.
नगर पालिका चुनाव: जहाजपुर और मांडलगढ़ में भी खिला कमल
जिले की 10 नगर पालिकाओं की बात करें तो 2-2 नगर पालिकाओं में भाजपा और कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि 6 नगर पालिकाओं में परिणाम त्रिशंकु रहे हैं#
जहाजपुर: भाजपा के जहाजपुर विधायक और अनुसूचित जनजाति मोर्चे के प्रदेश संयोजक गोपीचंद मीणा ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर को उनके ही गढ़ में पटखनी दी. जहाजपुर के 25 वार्डों में से भाजपा ने 15, कांग्रेस ने 3 और निर्दलीयों ने 7 सीटों पर जीत हासिल की.
मांडलगढ़: यहां भी भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत प्राप्त किया है.
गंगापुर और शाहपुरा: इन दोनों नगर पालिकाओं में कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा हासिल किया है.
6 नगर पालिकाओं में फंसा पेच, बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई BJP
जिले की अन्य 6 नगर पालिकाओं-आसींद, गुलाबपुरा, बिजोलिया, बीगोद, बनेड़ा और हमीरगढ़ में परिणाम त्रिशंकु रहे हैं. हालांकि, इन सभी जगहों पर भारतीय जनता पार्टी ही सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से थोड़ी दूर रह गई.
चुनाव परिणामों में भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में मिला-जुला असर देखने को मिला. शाहपुरा से भाजपा विधायक डॉ. लालाराम बेरवा के विधानसभा क्षेत्र की शाहपुरा और बनेड़ा नगर पालिका में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा. वहीं, गंगापुर से विधायक लादू लाल पितलिया अपनी नगर पालिका में भाजपा को बहुमत नहीं दिला सके. इसके अलावा, आसींद से भाजपा विधायक जब्बर सिंह सांखला के क्षेत्र की आसींद और गुलाबपुरा नगर पालिकाओं में भी पार्टी स्पष्ट बहुमत पाने से चूक गई.
Rajasthan Nagar Nigam Result 2026: राजस्थान नगर निगम चुनाव में BJP का दिखा दम!
नगर परिषद चुनाव में दिखा बीजेपी का दबदबा, जानें कहां-कहां फहराया परचम!
ADVERTISEMENT


