राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद बीकानेर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. बीकानेर के एक मतदान केंद्र पर बीजेपी विधायक जेठानंद व्यास और एक पोलिंग ऑफिसर के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
कार रोकने को लेकर हुआ विवाद
यह पूरा मामला बीकानेर नगर निगम के वार्ड नंबर 45 के अंतर्गत आने वाले बूथ नंबर 95 (रबर फैक्ट्री के पास) का है. जानकारी के अनुसार, मतदान के अंतिम समय में बीजेपी विधायक जेठानंद व्यास अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र का दौरा कर रहे थे. जब विधायक ने अपनी गाड़ी को सीधे बूथ की तरफ ले जाने का प्रयास किया, तो वहां तैनात पोलिंग ऑफिसर शिशुपाल सिंह ने नियमों का हवाला देते हुए गाड़ी को 200 मीटर दूर खड़ी करने के लिए कहा.
गाड़ी में बहस के बाद बढ़ा विवाद
अधिकारी के इस टोकने पर विधायक और पोलिंग अधिकारी के बीच बहस शुरू हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि विधायक गुस्से में गाड़ी से बाहर उतर आए और पोलिंग ऑफिसर की ओर दौड़ पड़े.
वायरल वीडियो में दिखा नजारा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पोलिंग ऑफिसर खुद को बचाने के लिए पीछे की ओर भाग रहा है, जबकि बीजेपी विधायक उसकी तरफ दौड़ रहे हैं. हालांकि, मौके पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए विधायक को पकड़कर रोका. कुछ देर के लिए पोलिंग बूथ के बाहर अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा.
निकाय चुनाव के माहौल में उठा सवाल
राजस्थान में 162 नगर निकायों के 5,393 वार्डों के लिए पहले चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा रही थी, लेकिन बीकानेर की इस घटना ने चुनावी माहौल में नया विवाद खड़ा कर दिया है. विधायक के इस व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अलवर: मंत्री संजय शर्मा ने 55 से ज्यादा वार्डों का किया दौरा, फिर बीजेपी की जीत को लेकर आखिर क्या कह गए?
ADVERTISEMENT


