Rajasthan News: राजस्थान में छात्रों का दावा है कि कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ है. बताया जा रहा है कि परीक्षा से 2 घंटे पहले कुछ अभ्यर्थियों के पास वॉट्सऐप पर प्रिंट की हुई सवालों की लिस्ट आ गई थी. उसमें करीब 78 सवाल वही थे जो परीक्षा में आए थे. वहीं कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद तो अपनी अलग ही ढपली बजा रहे हैं. उनका कहना है कि पेपर लीक तो परीक्षा देने वाले बच्चों की चाल हो सकती है. कोचिंग वालों की भी मिलीभगत हो सकती है, लिहाजा मोबाइल की जांच एसओजी करेगी तभी सच सामने आएगा.
ADVERTISEMENT
छात्र जयपुर में कर्मचारी चयन बोर्ड के दफ्तर के बाहर पेपर लीक पर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन चेयरमैन साहब अपना पल्ला झाड़ते दिख रहे हैं. बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद के सामने परीक्षार्थियों ने साक्ष्य के तौर पर वो मोबाइल फोन पेश किया था, जिस पर सीएचओ परीक्षा के 78 प्रश्न भेजे गए थे. लेकिन इसके बावजूद वह पेपर लीक की जांच पर नहीं बल्कि मोबाइल की जांच पर ज्यादा जोर दे रहे हैं. वो तो मानने को तैयार ही नहीं कि पेपर लीक है, जबकि परीक्षा में आए 100 प्रश्नों में से 78 प्रश्न मोबाइल पर आए प्रश्नों से मेल खाते हैं.
यह भी पढ़ेंः जोधपुर में गहलोत ने दिया बड़ा बयान, बोले- प्राइवेट हॉस्पिटल कर रहे नखरे, ये ठीक नहीं
खैर, हरिप्रसाद शर्मा की गलती नहीं है क्योंकि रिटायर होने के बाद इन्हें इतना बड़ा पद मिला है तो इसे यूं ही नहीं गंवा सकते. गौरतलब है कि हरिप्रसाद शर्मा बीकानेर, अजमेर और नागौर जैसे कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहे हैं. अपनी खास कार्यशैली के लिए जाने जाते थे. कहा तो ये भी जाता है कि जब गहलोत सरकार पर सियासी संकट था तब ये पल-पल की खबर सरकार तक पहुंचाते थे. शायद उसी के एवज में रिटायरमेंट के बाद इन्हें चेयरमैन वाली कुर्सी मिली है. अब सरकार ने इनाम दिया है तो ये अपनी स्वामिभक्ति कैसे छोड़ सकते हैं. कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हैं लेकिन बात कांग्रेस के नेताओं की तरह कर रहे हैं. साहब मानने को तैयार ही नहीं कि सीएचओ भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ है.
वहीं, बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने सोमवार को सीएचओ भर्ती परीक्षा के पेपर लीक को लेकर कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात की. उपेन यादव ने परीक्षा से पहले पेपर लीक के सबूत बोर्ड अध्यक्ष को सौंपे. इसके बाद बोर्ड अध्यक्ष ने उपेन यादव के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को केस दर्ज करवाने के लिए एसओजी के पास भेज दिया जिसके बाद मामले को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है.
ADVERTISEMENT


