सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर शुरू होने वाली प्रेम कहानियां कई बार हकीकत के धरातल पर आकर किस तरह दम तोड़ देती हैं, इसका एक हैरान करने वाला मामला राजस्थान के नीमराना से सामने आया है. कनाडा में रहने वाली 61 साल की एक महिला हरियाणा के पानीपत के रहने वाले एक युवक से शादी करने के लिए हजारों किलोमीटर का सफर तय करके भारत पहुंची थी, लेकिन उम्र का बड़ा फासला और गलतफहमियां इस रिश्ते के अंत की वजह बन गईं.
ADVERTISEMENT
डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी बातचीत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले कनाडा की रहने वाली महिला और पानीपत निवासी नितिन की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला बढ़ा, दोस्ती प्यार में बदली और बात शादी तक पहुंच गई. दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया था.
11 नवंबर को दिल्ली पहुंची थीं महिला
ऑनलाइन रिश्ते को हकीकत में बदलने के लिए महिला 11 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर कनाडा से दिल्ली पहुंची. नितिन उसे एयरपोर्ट पर रिसीव करने गया और वहां से राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के नीमराना स्थित बीबी बिल्डर्स सोसाइटी ले आया, जहां उसके मौसा-मौसी का फ्लैट था. दोनों करीब दो दिनों तक साथ रहे.
उम्र का सच सामने आते ही मचा हंगामा
आमने-सामने आने के बाद जब शादी की बातचीत आगे बढ़ी, तब असलियत सामने आई. महिला की उम्र करीब 61 साल और युवक नितिन की उम्र करीब 31 साल. बताई जा रही है- यानी दोनों की उम्र में लगभग 30 साल का अंतर था. उम्र का यह बड़ा अंतर सामने आने के बाद युवक ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया. वहीं, सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी रही कि महिला को युवक के पेशे को लेकर कुछ गलतफहमी थी, हालांकि पुलिस जांच में नितिन को पानीपत का एक निजी स्कूल में शिक्षक बताया गया है.
दूतावास की सूचना पर पहुंची पुलिस
विवाद बढ़ने पर 13 नवंबर को महिला ने कनाडाई दूतावास से संपर्क किया. दूतावास की सूचना के बाद नीमराना पुलिस सुबह करीब 4 बजे सोसाइटी पहुंची और दोनों को थाने ले आई. पुलिस ने शांति भंग के आरोप में युवक को हिरासत में लिया, जिसे बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला की ओर से किसी भी तरह की छेड़छाड़ या आपराधिक मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. महिला को सुरक्षित कनाडा वापस भेजने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया.
यह पूरा घटनाक्रम अब सोशल मीडिया और आम जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जो यह सिखाता है कि वर्चुअल दुनिया के रिश्तों में पारदर्शिता और सच्चाई कितनी जरूरी है.
ये भी पढ़ें: धौलपुर: सरपंच चुनाव की वोटिंग से एक रात पहले दो पक्षों के बीच झड़प, फायरिंग में युवक की मौत से मची सनसनी
ADVERTISEMENT


