धौलपुर: सरपंच चुनाव की वोटिंग से एक रात पहले दो पक्षों के बीच झड़प, फायरिंग में युवक की मौत से मची सनसनी
Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले के बरौली गांव में सरपंच चुनाव की पूर्व संध्या पर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में फायरिंग के दौरान एक युवक की मौत हो गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में तनाव व्याप्त है और पुलिस बल तैनात किया गया है.
ADVERTISEMENT

Dholpur News: राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना क्षेत्र के बरौली गांव में सरपंच पद के चुनाव से ठीक एक रात पहले माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. रविवार देर रात दो पक्षों के बीच उपजा मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों गुटों की ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की जान चली गई, जबकि दो-तीन अन्य लोग घायल हो गए. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और मतदान से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
मतदान से एक रात पहले दो पक्षों में खूनी संघर्ष
बरौली गांव में सोमवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होना है. चुनाव की तैयारियों के बीच रविवार देर रात किसी बात को लेकर रिंकू मीणा और बंटू के गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच फायरिंग शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि रिंकू मीणा और बंटू पक्षों के परिजन ही सरपंच पद का चुनाव लड़ रहे हैं. इस गोलीबारी की चपेट में आने से 30 वर्षीय पीतम मीणा पुत्र कल्याण मीणा की मौत हो गई.
बाजार जा रहे युवक को घेरा, अस्पताल के बाहर हंगामा
परिजनों के अनुसार, मृतक पीतम बाजार में सामान लेने के लिए जा रहा था. इसी दौरान सरपंच का चुनाव लड़ रही प्रत्याशी रिंकू और बंटू समेत करीब आधा दर्जन लोगों पर उसे घेरकर मारपीट करने और गोली मारने का गंभीर आरोप लगा है. घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण घायल युवक को लेकर सरमथुरा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत से भड़के ग्रामीणों ने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर शव को एंबुलेंस में रखकर प्रदर्शन किया और सरमथुरा पुलिस पर अपराधियों से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए.
गांव बना छावनी, एसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और एडिशनल एसपी हवा सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को काबू में किया. सोमवार को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और एहतियात के तौर पर बरौली गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखे हुए हैं.
पुलिस अधीक्षक ने दी मामले की जानकारी
धौलपुर के एसपी विकास सांगवान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लूज मास्टर के पुत्र पीतम की गोली लगने से मौत हुई है, और शव को सरमथुरा मोर्चरी में शिफ्ट कराया गया है. उन्होंने कहा कि नामजद आरोपियों की जानकारी जुटाकर उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: 23 लाख फॉलोवर्स वाली इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मीनू राज के परिवार पर हमला, घर में घुसकर मारपीट का आरोप
