दो पत्नियों से अलग लिव-इन में रह रहा था भगवान लाल, फिर चंद मिनटों में हुआ ऐसा दहल गया चित्तौड़गढ़!

अमित तिवारी

• 11:33 AM • 21 Aug 2026

चित्तौड़गढ़ में पारिवारिक व संपत्ति विवाद के चलते पिता द्वारा दूसरी पत्नी को गोली मारने के बाद, 22 वर्षीय बेटे ने अपने पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस खूनी संघर्ष में लिव-इन में रह रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है.

राजस्थान से आया हैरान करने वाला मामला
राजस्थान से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र से रिश्तों में दरार और खूनी रंजिश की एक दर्दनाक घटना सामने आई है. दो पत्नियों और एक लिव-इन पार्टनर (गर्लफ्रेंड) के बीच उपजे पारिवारिक व संपत्ति विवाद ने चंद मिनटों में खूनी मोड़ ले लिया. पिता ने बातचीत के दौरान गुस्से में आकर अपनी दूसरी पत्नी पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई. मां की हत्या से गुस्साए बेटे ने मौके पर ही अपने पिता पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात में लिव-इन में रह रही महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई है.

Read more!

3 महिलाओं के बीच उलझी थी भगवान लाल की जिंदगी

पुलिस के अनुसार, मामला गंगरार थाना क्षेत्र के सुवानिया गांव का है. 55 साल के भगवान लाल कालबेलिया की दो शादियां हुई थीं—पहली पत्नी का नाम लाडू और दूसरी का नाम भोमली था. हालांकि, पिछले कुछ समय से भगवान लाल अपनी दोनों पत्नियों से अलग होकर तारा (35 साल) नाम की महिला के साथ सुवानिया गांव के एक खेत पर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था.

घर लौटने और जमीन विवाद को लेकर हुआ झगड़ा

सोमवार (17 अगस्त 2026) की रात पहली व दूसरी पत्नी के परिजन, जिनमें दूसरी पत्नी भोमली और उसका 22 वर्षीय बेटा अनिल शामिल थे, भगवान लाल को समझाने और जमीन व बकरियों के लेन-देन का हिसाब करने खेत पर पहुंचे. शुरुआत में बातचीत शांतिपूर्ण रही, लेकिन जल्द ही बहस और कहासुनी में बदल गई.

पत्नी पर चलाई गोली, रास्ते में तोड़ा दम

विवाद बढ़ने पर भगवान लाल ने गुस्से में आकर अपने पास रखी बंदूक से दूसरी पत्नी भोमली पर फायर कर दिया. गोली भोमली के पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ी. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

मां की मौत देख भड़का बेटा, लाठी से पिता की हत्या

मां को गोली लगते देख 22 साल का बेटा अनिल आपा खो बैठा. उसने पास ही पड़ी लाठी उठाई और अपने पिता भगवान लाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. सिर पर गंभीर चोटें लगने के कारण भगवान लाल की भी मौके पर ही मौत हो गई.

इस दौरान जब लिव-इन में रह रही तारा बीच-बचाव करने पहुंची, तो उस पर भी हमला किया गया. गंभीर हालत में तारा को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही गंगरार पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी अनिल समेत दो लोगों को हिरासत (Detain) में लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: जयपुर में CJP कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों ने खदेड़ा, गाड़ियों के शीशे तोड़े; उलटे पैर भागते आए नजर, VIDEO वायरल