राजस्थान (चूरू): राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और सरदारशहर थाना पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए चूरू जिले में किसी बड़े कारोबारी की हत्या और रंगदारी से जुड़ी एक खूनी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े दो खतरनाक शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है.
ADVERTISEMENT
गिरफ्तार किए गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने विदेशी हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर ये शूटर अपने मकसद में कामयाब हो जाते, तो इलाके में एक गंभीर वारदात हो सकती थी.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
अनिल कुमार जाट (26 वर्ष)- निवासी हरदेसर
नितेश बगड़िया जाट (28 वर्ष)- निवासी वार्ड नंबर 25, सरदारशहर
जांच अधिकारी ने बताया कि इनमें से आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि पुलिस नितेश के आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगा रही है.
तुर्की मेड 'जिगाना पिस्टल' और भारी असला बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बदमाशों के पास से अत्याधुनिक विदेशी हथियार बरामद किए हैं:
- 2 विदेशी पिस्टल (जिसमें एक तुर्की में बनी ऑटोमेटिक 'जिगाना पिस्टल' शामिल है)
- 4 मैगजीन
- 49 जिंदा कारतूस
पुलिस के मुताबिक, जिगाना पिस्टल एक बेहद घातक हथियार है जिसमें सामान्य मैगजीन की तुलना में अधिक राउंड लोड किए जा सकते हैं.
विदेश में बैठे रोहित गोदारा से जुड़े हैं तार
जांच में सामने आया है कि ये दोनों शूटर विदेश में छिपे गैंगस्टर रोहित गोदारा और महेंद्र डेलाना के नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे. पुलिस को आशंका है कि इन शूटरों को चूरू या सरदारशहर इलाके के किसी बड़े व्यापारी या नामचीन हस्ती को निशाना बनाने का टास्क दिया गया था. इस कार्रवाई को एजीटीएफ प्रभारी आईपीएस अभिजीत पाटिल के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार मीणा और सरदारशहर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही.
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां हथियारों के सप्लायर, इनके लोकल नेटवर्क और टारगेट पर कौन सा कारोबारी था, इन सभी बिंदुओं पर गहनता से पूछताछ कर रही हैं.
ADVERTISEMENT


