राजस्थान के दौसा जिले में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने हड़कंप मचा दिया है. मृतक छात्रा कांग्रेस विधायक डीसी बैरवा की भतीजी बताई जा रही है. घटना एक कॉलेज के क्लास रूम में हुई, जहां छात्रा पढ़ाई के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी और अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया. आइए विस्तार से जानते हैं मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
कैसे हुई घटना?
मृतक छात्रा विनीता (19 वर्ष), जो बीए-बीएड सेकंड ईयर की छात्रा थी, दौसा के जीरोता गांव की रहने वाली थी. कॉलेज प्रशासन के अनुसार, वह रोज की तरह क्लास में पढ़ाई कर रही थी, तभी अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी. कॉलेज स्टाफ और शिक्षकों ने उसे तुरंत दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
क्लास रूम बना रहस्य, सीसीटीवी निकले बंद
जब पुलिस मामले की तफ्तीश के लिए कॉलेज पहुंची और क्लास रूम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश की, तो एक बड़ी लापरवाही सामने आई. कॉलेज में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए. एक भी कैमरा काम नहीं कर रहा था, जिसने पूरी घटना को रहस्यमय बना दिया है. पुलिस ने कर्मचारियों और शिक्षकों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है.
परिजनों के आरोप: 'सच्चाई छुपाई जा रही है'
विनीता के परिजनों ने इसे महज एक सामान्य मौत मानने से इनकार कर दिया है. परिवार का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन कुछ छुपाने की कोशिश कर रहा है. परिजनों का सवाल है कि क्लास रूम जैसी संवेदनशील जगह पर लगे कैमरे आखिर उस वक्त बंद क्यों थे? क्या यह सिर्फ लापरवाही है या किसी सच को दबाने की साजिश?
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
विधायक की भतीजी की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी खलबली मच गई है. एसपी के निर्देश पर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. पुलिस अब हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि छात्रा की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: नागौर: मेड़ता में स्वर्णकार की निर्मम हत्या, CCTV में कैद हुए कातिल, हनुमान बेनीवाल ने सरकार को घेरा
ADVERTISEMENT

