राजस्थान के दौसा जिले में नेशनल हाईवे-21 पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है. एक शादी समारोह से खुशियां मनाकर लौट रहे 6 दोस्तों की जिंदगी का सफर हमेशा के लिए खत्म हो गया. तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर लांघते हुए दूसरी लेन में जा घुसी, जहां सामने से आ रहे ट्रेलर ने उसे कुचल दिया. मरने वाले सभी युवकों की पहचान दौसा के कालाखों गांव के रहने वाले थे और आपस में गहरे दोस्त थे. आइए विस्तार से जानते है पूरा मामला.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ यह भयानक हादसा?
हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब छह दोस्त एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव कालाखों लौट रहे थे. नेशनल हाईवे पर उनकी कार काफी तेज रफ्तार में थी. कैलाई के पास अचानक ड्राइवर ने कार पर से संतुलन खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा पहुंची. उसी वक्त दूसरी दिशा से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए.
चार की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चार दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. दो घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक की मौत दौसा अस्पताल में हुई और दूसरे ने जयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की उम्र 23 से 26 साल के बीच थी. इनके नाम समय सिंह (25), लोकेश (24), दिलकुश योगी (24), मनीष (23), अंकित (26) और नवीन (23) बताए जा रहे हैं. शादी के जश्न के बाद घर लौट रहे इन युवाओं की मौत की खबर जैसे ही कालाखों गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है. पुलिस ने सभी शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा.
दौसा पुलिस अब उस अज्ञात ट्रेलर की तलाश कर रही है जिसने कार को टक्कर मारी थी. इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और हाईवे पर सुरक्षा के सवालों को खड़ा कर दिया है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

