राजस्थान के दौसा जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बीच सड़क पर एक महिला और पुरुष के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है. यह घटना बसवा थाना क्षेत्र के धोली गुमटी के पास की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोगों ने एक चलती कार को घेर लिया और उसमें सवार महिला व पुरुष को जबरन बाहर खींच लिया. इसके बाद सड़क पर ही दोनों की पिटाई शुरू कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.
ADVERTISEMENT
प्रेम विवाह और पहली पत्नी का गुस्सा
इस पूरे विवाद की जड़ पारिवारिक कलह और दूसरी शादी बताई जा रही है. पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मारपीट का शिकार हुआ व्यक्ति कैलाश नाम का बताया जा रहा है. कैलाश ने कार में सवार महिला के साथ प्रेम विवाह किया था और वह उसके साथ कहीं जा रहा था. इसी दौरान कैलाश की पहली पत्नी और उसके परिजनों की नजर उन पर पड़ गई. पहली पत्नी के परिजनों ने पीछा कर धोली गुमटी के पास उनकी कार रुकवा ली और फिर देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया.
सड़क पर घसीटा और जमकर धोया
वीडियो में मारपीट का मंजर बेहद खौफनाक नजर आ रहा है. एक महिला, जो कैलाश की पहली पत्नी बताई जा रही है, दूसरी महिला के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटती और पटकती हुई दिखाई दे रही है. वहीं, भीड़ में मौजूद अन्य लोग कैलाश के साथ हाथापाई और गाली-गलौज कर रहे हैं. बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी के दौरान वहां मौजूद राहगीर तमाशबीन बने रहे. हैरान करने वाली बात यह है कि सरेआम कानून को हाथ में लेकर मारपीट की गई और किसी ने उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
बसवा थाना प्रभारी हनुमान सहाय ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है. हालांकि, अब तक दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है, लेकिन पुलिस ने वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पूरी तरह से पुष्टि होने के बाद ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह वीडियो अब पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हिंसा की कड़ी निंदा कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT


