राजस्थान के अलवर और भरतपुर की सीमा पर दौड़ने वाले हाई-प्रोफाइल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से पुलिस की बर्बरता का एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है. यहां नौगावां थाने के एक पुलिसकर्मी ने महज ₹200 की कथित वसूली के लिए एक ट्रक ड्राइवर को जमीन पर पटककर लात-घूसों से बेरहमी से पीटा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना भरतपुर क्षेत्र की पुलिया नंबर 85 की है, जहां नौगावां थाने के पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे. आरोप है कि ये पुलिसकर्मी एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले ट्रक ड्राइवरों से अवैध वसूली कर रहे थे. पीड़ित ड्राइवर के भाई के अनुसार, ड्राइवर अपने खल्लासी के साथ दिल्ली जाने के लिए एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक में बैठने का प्रयास कर रहा था. तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मी अनुराग ने उसे रोका और ₹200 की मांग की.
₹200 नहीं दिए तो जानवरों जैसा सुलूक
जब ड्राइवर ने ₹200 देने से इनकार कर दिया और पूछा कि वह पैसे किस बात के दे, तो पुलिसकर्मी आपा खो बैठा. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी ने ड्राइवर को सड़क पर पटक दिया और उसे जूतों से बुरी तरह कुचला. पीड़ित को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
पुलिस ने रखा अपना पक्ष
वीडियो वायरल होने के बाद अलवर पुलिस के उच्च अधिकारियों ने संज्ञान लिया है. पुलिस अधिकारी का कहना है कि वहां 'लेन ड्राइविंग' को लेकर समझाइश का कैंपेन चल रहा था और ड्राइवर द्वारा वीडियो बनाने की बात पर कहासुनी हुई जो झगड़े में बदल गई. हालांकि, पुलिस ने प्रथम दृष्टया वसूली की बात से इनकार किया है, लेकिन आरोपी सिपाही अनुराग को तुरंत लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
राजस्थान पुलिस की साख पर धब्बा
परिजनों का आरोप है कि जिस जगह यह घटना हुई (पुलिया नंबर 85), वह भरतपुर के सीकरी थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन अलवर की नौगावां पुलिस वहां अवैध रूप से वसूली करने पहुंच जाती है. इस घटना ने एक बार फिर राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


