धनतेरस-दिवाली पर न ठगे जाएं! असली या नकली... कैसे पहचानें चांदी का सिक्का? जयपुर सराफा ट्रेडर्स ने बताया तरीका

मोहित गुर्जर

• 03:39 PM • 06 Nov 2026

जयपुर सराफा ट्रेडर्स कमेटी ने त्योहारी सीजन में असली चांदी के सिक्कों की पहचान के लिए रजिस्टर्ड मार्क (लोगो) और 100% बायबैक गारंटी की पहल शुरू की है.

चांदी के भाव
चांदी के भाव
Google CTA

त्योहारी सीजन में धनतेरस और दिवाली पर चांदी व सोने के सिक्के खरीदना बेहद शुभ माना जाता है. बाजारों में उपहार देने (गिफ्टिंग) से लेकर निवेश तक के लिए सिक्कों की भारी मांग रहती है. हालांकि, चमक-दमक और खूबसूरत पॉलिश के फेर में कई बार उपभोक्ता नकली या कम शुद्धता (कम प्यूरिटी) वाले चांदी के सिक्के खरीदकर ठगी का शिकार हो जाते हैं.

Read more!

सिक्कों की इसी शुद्धता और असली पहचान को लेकर जयपुर सराफा ट्रेडर्स कमेटी ने उपभोक्ताओं को जागरूक किया है. राजस्थान तक से बातचीत में सराफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि आम ग्राहक के लिए केवल डिजाइन या चमक देखकर असली और नकली चांदी के सिक्कों में फर्क करना काफी मुश्किल होता है.

कैसे करें असली चांदी के सिक्के की पहचान?

सराफा कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल के अनुसार:

  • सराफा ट्रेडर्स कमेटी का मार्का देखें: कमेटी ने साल 2008 में ही शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अपना खास रजिस्टर्ड और पेटेंटेड मार्का (लोगो) जारी किया था. यह लोगो केंद्र सरकार से रजिस्टर्ड है.
  • एसोसिएशन की 100% गारंटी: इस मार्का वाले सिक्कों की जिम्मेदारी केवल दुकानदार की ही नहीं, बल्कि पूरी सराफा एसोसिएशन की होती है.
  • आसानी से री-सेल (बायबैक): जयपुर या पूरे राजस्थान में किसी भी ज्वेलरी शॉप से खरीदा गया मार्का वाला सिक्का वापस बेचने पर उस समय के मौजूदा बाजार भाव (सिल्वर मार्केट रेट) के हिसाब से पूरे पैसे वापस मिलते हैं.

हॉलमार्किंग को लेकर नियम

सिक्कों पर फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से अनिवार्य हॉलमार्किंग लागू नहीं है, हालांकि जल्द ही इसे अनिवार्य किए जाने की संभावना है. इसलिए फिलहाल खरीदारी के समय रजिस्टर्ड मार्का ही शुद्धता का सबसे बड़ा पैमाना है.

बजट फ्रेंडली गिफ्ट वाउचर भी लॉन्च

चांदी और सोने की बढ़ती कीमतों को ध्यान में रखते हुए सराफा कमेटी ने बजट फ्रेंडली चांदी के गिफ्ट वाउचर और हैंपर भी बाजार में उतारे हैं:

  • 1 ग्राम, 2 ग्राम और 5 ग्राम के सिक्के/वाउचर: शादी-ब्याह, जन्मदिन या दिवाली उपहार के लिए 1 ग्राम, 2 ग्राम और 5 ग्राम के वाउचर/सिक्के पेश किए गए हैं.
  • सस्ता और शुद्ध उपहार: ₹400-₹500 से लेकर ₹1200 की रेंज में शुद्ध चांदी के सिक्के उपलब्ध होने से आम ग्राहक अपने बजट के अनुसार आसानी से खरीदारी कर पा रहे हैं.
  • सोने के सिक्के: सोने के सिक्के भी 995.0 प्यूरिटी के साथ 1 ग्राम से लेकर 100 ग्राम के डिनॉमिनेशन में उपलब्ध हैं.

सलाह: त्योहार पर सिर्फ चमक-दमक या सस्ते दामों के लालच में आकर सजावटी या बिना मार्का वाले सिक्के न खरीदें. खरीदारी करते समय हमेशा सराफा ट्रेडर्स कमेटी का लोगो (मार्का) देखकर ही असली चांदी के सिक्के घर लाएं.

ये भी पढ़ें: नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मटरगश्ती' में राजस्थान के युवा संगीतकार का धमाल, सभी 7 गानों और बैकग्राउंड स्कोर से जीता दिल