जोधपुर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो खुद को बड़ा IAS/RAS अधिकारी बताकर छात्राओं को ठगता और उनका यौन शोषण करता था. आरोपी लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर आने वाली लड़कियों को सरकारी नौकरी लगवाने और परीक्षा में नंबर बढ़वाने का लालच देकर अपना शिकार बनाता था. आरोपी ने एक ही परिवार की तीन बहनों समेत कई नाबालिगों का यौन शोषण किया.
ADVERTISEMENT
लाइब्रेरी में बिछाता था जाल!
जोधपुर के कोचिंग हब और लाइब्रेरी में रोज आने वाला यह युवक बेहद स्टाइलिश कपड़े पहनकर और आत्मविश्वास के साथ घूमता था. वह खुद को बड़ा प्रशासनिक अधिकारी बताता था. आरोपी अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट पर लाल रंग की पट्टी लगाकर चलता था, जैसा कि आमतौर पर सरकारी गाड़ियों में देखा जाता है. आरोपी रोजाना 5 से 7 घंटे लाइब्रेरी में बिताता था और गांव से आकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राओं को अपना शिकार बनाता था.
एक ही परिवार की 3 बहनों को बनाया शिकार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने झांसा देकर एक छात्रा को होटल में बुलाया और उसे नशीला जूस पिलाकर दुष्कर्म किया. इसके बाद उसने पीड़िता की छोटी बहन को सरकारी नौकरी का लालच देकर अपने किराए के कमरे पर यौन शोषण किया. हद तो तब हो गई जब उसने परिवार की तीसरी बहन को भी लालच देकर अजमेर ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की.
पुलिस कमिश्नर के सेमिनार में खुला राज
जोधपुर के नए पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया द्वारा आयोजित महिला सुरक्षा सेमिनार में कुछ पीड़ित बच्चियां हिम्मत जुटाकर पहुंचीं और अपनी आपबीती सुनाई. इसके बाद डीसीपी पूर्व मनीष कुमार चौधरी की टीम ने तुरंत एक्शन लिया.
आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर
रातानाडा थाना पुलिस ने फलौदी जिले के लोहावट स्थित कलऊ गांव निवासी उमेदाराम (पुत्र गणपत राम) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से एक फर्जी आईएएस आईकार्ड (IAS ID Card) भी बरामद हुआ है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं, जिनमें से एक मामला अजमेर पुलिस को भेजा गया है. कोर्ट ने आरोपी उमेदाराम को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
सावधान रहने की जरूरत
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उमेदाराम ने अब तक कितनी और छात्राओं को अपना शिकार बनाया है. यह घटना हर उस छात्र और अभिभावक के लिए चेतावनी है, जो बिना जांच-परख के किसी के झांसे या सरकारी मदद के झूठे दावों पर भरोसा कर लेते हैं.
ADVERTISEMENT


