Gayatri Bishnoi Controversy: राजस्थान के बाड़मेर से निकलकर पंजाब की राजनीति में सक्रिय हुईं आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष और पंजाब सह-प्रभारी गायत्री बिश्नोई इस समय चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं. पंजाब के कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा और गायत्री बिश्नोई के बीच सोशल मीडिया से शुरू हुई जुबानी जंग अब पुलिस शिकायत और कानूनी दांव-पेच तक पहुंच चुकी है. दोनों नेताओं के बीच जारी यह विवाद अब व्यक्तिगत आरोपों और राजनीतिक बयानों में बदल गया है.
ADVERTISEMENT
सरकारी बंगले को लेकर कहां से शुरू हुआ विवाद?
इस पूरे विवाद की शुरुआत कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर 39 में स्थित पंजाब सरकार के एक सरकारी आवास को लेकर सवाल उठाए थे. खैरा ने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया को आवंटित नहीं किए गए सरकारी आवास के इस्तेमाल को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए. इसी दौरान खैरा ने गायत्री बिश्नोई के उस बंगले में रहने को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए.
व्यक्तिगत आरोपों पर गायत्री बिश्नोई का करारा जवाब
सुखपाल खैरा के आरोपों के बाद गायत्री बिश्नोई ने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी और करारा पलटवार किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने माता-पिता के साथ पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलवीर सिंह के सरकारी आवास में रह रही हैं, क्योंकि उनके पिता का चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है. गायत्री ने खैरा के आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ व्यक्तिगत और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं.
पुलिस थाने और महिला आयोग तक पहुंचा मामला
विवाद गहराने के बाद गायत्री बिश्नोई ने सुखपाल सिंह खैरा के खिलाफ पंजाब पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है. शिकायत में महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और मानहानि के आरोप लगाए गए हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर पंजाब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष राजलाली गिल ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के चरित्र और गरिमा पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करना गंभीर विषय है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं सुखपाल खैरा ने अपने रुख पर कायम रहते हुए सरकारी आवास के नियमों को लेकर सवाल दोहराए हैं.
कौन हैं गायत्री बिश्नोई?
गायत्री बिश्नोई राजस्थान के बाड़मेर की रहने वाली हैं. वह आम आदमी पार्टी की महिला विंग की पंजाब प्रदेश अध्यक्ष और पंजाब की सह-प्रभारी हैं. पंजाब की राजनीति में सक्रिय गायत्री इन दिनों कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के साथ विवाद को लेकर चर्चा में हैं. सरकारी आवास को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस शिकायत तक पहुंच चुका है.
ADVERTISEMENT


