राजस्थान की राजनीति में जाट समाज के दो बड़े दिग्गजों- आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल और राजस्थान जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील के बीच की जुबानी जंग अब सड़कों पर उतर आई है. जयपुर में बेनीवाल के समर्थकों ने राजाराम मील के घर के बाहर जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया.
ADVERTISEMENT
घर के बाहर प्रदर्शन और पुतला दहन
हनुमान बेनीवाल के आक्रोशित समर्थकों ने राजाराम मील के आवास के बाहर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका. प्रदर्शनकारियों ने मील के घर की दीवार पर हनुमान बेनीवाल का नाम तक लिख दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवकों को हिरासत में ले लिया.
राजाराम मील ने दिखाया 'बड़ा दिल'
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में उस वक्त नया मोड़ आया जब राजाराम मील ने हिरासत में लिए गए युवकों के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया. उन्होंने युवाओं को माफ करते हुए पुलिस से उन्हें छोड़ने का आग्रह किया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया.
विवाद की जड़: 'अंतरजातीय विवाह' पर बयान
इस पूरे विवाद की शुरुआत हनुमान बेनीवाल के एक तीखे बयान से हुई थी. बेनीवाल ने अंतरजातीय विवाह के मुद्दे पर राजाराम मील के परिवार को घेरा था. उन्होंने कहा था कि जिनके परिवार में दूसरे समाज में शादियां हुई हैं, उन्हें समाज का नेतृत्व नहीं करना चाहिए. इस बयान पर पलटवार करते हुए राजाराम मील ने भी बेनीवाल के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे समर्थक भड़क गए.
सोशल मीडिया पर 'वॉर'
नेताओं के बीच शुरू हुई यह लड़ाई अब समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर भी छिड़ गई है. दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं. फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन राजस्थान की सियासत में यह टकराव आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं.
ये भी पढ़ें: टोंक: 'प्रेमी के साथ बितानी थी जिंदगी, इसलिए पति को उतारा मौत के घाट', 10 साल बाद ऐसे हुआ पर्दाफाश, फिर मिली ये सजा
ADVERTISEMENT


