Jaipur Accident News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार गाड़ियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मानसरोवर थाना क्षेत्र के मेट्रो स्टेशन चौराहे के पास आधी रात करीब 1 बजे एक काले रंग की थार और एंडेवर कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बेकाबू गाड़ियां पास से गुजर रहे एक ई-रिक्शा से टकरा गईं, जिससे ई-रिक्शा हवा में करीब 50 फीट उछलकर दूर जा गिरा.
ADVERTISEMENT
ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे, 3 लोग अस्पताल में भर्ती
टक्कर के कारण ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान बोधराम साहू, उमाशंकर शर्मा और मुकेश कुमार के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.
पूर्व मंत्री की पत्नी के नाम रजिस्टर्ड है एंडेवर
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे में शामिल एंडेवर कार कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम पर रजिस्टर्ड है. वहीं थार कार वाटिका रोड निवासी शिव कुमार के नाम पंजीकृत पाई गई है. हालांकि, दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों गाड़ियों के ड्राइवर वाहनों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय गाड़ियां कौन चला रहा था.
एंडेवर पर ओवर स्पीडिंग के 18 समेत 26 चालान दर्ज
पुलिस द्वारा वाहनों का पुराना रिकॉर्ड खंगालने पर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. एंडेवर कार पर पहले से 26 चालान लंबित दर्ज हैं, जिनमें से 18 चालान केवल ओवर स्पीडिंग के हैं और एक चालान खतरनाक ड्राइविंग का भी है. वहीं, हादसे में शामिल थार गाड़ी पर भी चार ओवर स्पीडिंग समेत कुल छह चालान दर्ज पाए गए हैं.
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच
मानसरोवर थाना पुलिस ने थार और एंडेवर दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर चालकों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या आधी रात को दोनों गाड़ियों के बीच तेज रफ्तार की कोई रेस चल रही थी, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ.
ADVERTISEMENT


