जयपुर: परीक्षा केंद्र में बिजली गुल, जनरेटर में डीजल नहीं... 49 अभ्यर्थी नहीं दे पाए एग्जाम, अब NTA इस दिन फिर कराएगा एग्जाम

विशाल शर्मा

22 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 22 2026 6:05 PM)

Jaipur Exam NTA Statement : जयपुर के परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती और जनरेटर खराब होने से एनटीए की आयुर्वेदिक पीजी परीक्षा बुरी तरह प्रभावित हुई. भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच कई परीक्षार्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए. हंगामे के बाद अब एजेंसी ने 49 अभ्यर्थियों के लिए 1 सितंबर को री-एग्जाम की घोषणा की है.

49 अभ्यर्थियों के लिए फिर होगा एग्जाम
49 अभ्यर्थियों के लिए फिर होगा एग्जाम
Google CTA

NTA Jaipur Exam Controversy: जयपुर स्थित श्री सत्य साई गर्ल्स कॉलेज में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित आयुर्वेदिक पीजी परीक्षा (AIAPGET) के दौरान भारी कुप्रबंधन देखने को मिला. परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे कई कंप्यूटर बंद हो गए. इस अचानक आई रुकावट के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

Read more!

पहली और दूसरी दोनों पारियों में बिगड़े हालात

पहली पारी का समय सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तय था, लेकिन छात्रों के अनुसार सुबह लगभग 10:15 बजे ही बत्ती गुल हो गई. सिस्टम बंद होने से अभ्यर्थी काफी परेशान दिखे. कुछ छात्राओं ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि इस अव्यवस्था के बीच परीक्षार्थी आपस में बातचीत करते रहे और कथित तौर पर नकल भी हुई, मगर वहां मौजूद ऑब्जर्वर ने कोई कदम नहीं उठाया.

3 घंटे देरी से मिली प्रवेश, गर्मी से अभ्यर्थी हुए बेहोश

दूसरी पारी के परीक्षार्थियों की परेशानी और भी अधिक बढ़ गई. दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होना था, लेकिन बिजली की समस्या के कारण अभ्यर्थियों को करीब 3 बजे के बाद ही अंदर जाने दिया गया. केंद्र के भीतर पहुंचे परीक्षार्थी भीषण गर्मी से बेहाल रहे और खुद को बचाने के लिए कागज से हवा करते दिखे. कुछ अभ्यर्थी तो कतार में खड़े-खड़े बेहोश तक हो गए.

जनरेटर में नहीं था डीजल, व्यवस्था हुई ध्वस्त

बिजली जाने के बाद जब कॉलेज में मौजूद जनरेटर को चलाने का प्रयास किया गया, तो पता चला कि उसमें डीजल ही मौजूद नहीं था. इसके बाद आनन-फानन में दूसरा जनरेटर मंगाया गया, लेकिन उसमें तकनीकी खराबी आ गई. आखिरकार तीसरे जनरेटर की मदद से किसी तरह बिजली बहाल करने की कोशिश की गई, तब तक काफी समय बर्बाद हो चुका था.

49 अभ्यर्थी नहीं दे पाए परीक्षा, 1 सितंबर को होगा री-एग्जाम

इस केंद्र पर पंजीकृत कुल 192 परीक्षार्थियों में से 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके. मामले पर NTA ने आधिकारिक बयान जारी कर असुविधा के लिए खेद जताया है. NTA के अनुसार, देशभर के 200 केंद्रों पर 35,837 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 35,788 की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई. जयपुर केंद्र पर परीक्षा कराने वाली एजेंसी M/S Eduquity Career Technologies Private Limited की लापरवाही से बिजली गुल हुई. अब इन प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए 1 सितंबर को सुबह 10 बजे 'राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमेन, जयपुर' में दोबारा परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए नए एडमिट कार्ड जारी होंगे. हालांकि, अभ्यर्थियों का कहना है कि पूरी परीक्षा रद्द कर नए सिरे से कराई जानी चाहिए.

यह भी पढ़ें:  लातूर में अभिजीत दीपके के दौरे से पहले सरकारी स्कूल में बुलाए 'बाहर' के बच्चे? अभिजीत दीपके ने किया खुलासा