Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित बंदे का इलाके की प्रॉपर्टी कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां अपने लिव-इन पार्टनर (रिश्ते में भतीजा) के साथ रह रही 32 वर्षीय किरण नाम की महिला की हत्या कर दी गई. आरोपी प्रवेश रावत ने हत्या के बाद शव को घर के लॉन में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया और गलाने के लिए ऊपर से दो किलो नमक डाल दिया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मृतका किरण 8 महीने की गर्भवती थी.
ADVERTISEMENT
चाची को लेकर फरार हुआ था भतीजा, लिव-इन में रह रहे थे दोनों
पुलिस के अनुसार, मृतका किरण और आरोपी प्रवेश रावत के बीच अफेयर चल रहा था. जनवरी में प्रवेश अपनी चाची किरण को उसके घर से लेकर फरार हो गया था. इसके बाद दोनों जयपुर की प्रॉपर्टी कॉलोनी में किराए का मकान लेकर लिव-इन में रहने लगे. बाहर से देखने पर दोनों की जिंदगी सामान्य लग रही थी, लेकिन अंदर ही अंदर रिश्ते में तनाव बढ़ रहा था.
मोबाइल फोन के शक में शुरू हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के पास केवल एक ही मोबाइल फोन था, जो प्रवेश का था. काम पर जाते समय प्रवेश फोन किरण को दे जाता था. धीरे-धीरे प्रवेश के मन में शक पैदा होने लगा कि किरण किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है. इसी बात को लेकर 23 सितंबर की सुबह दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. कहासुनी इतनी बढ़ी कि आरोपी ने किरण की गला दबाकर हत्या कर दी.
फिल्मों से आइडिया लेकर लॉन में दफनाया शव
वारदात के बाद आरोपी ने फिल्मी तरीके से साक्ष्य छिपाने की कोशिश की. उसने घर के लॉन में गड्ढा खोदा और शव को दफनाकर ऊपर दो किलो नमक डाल दिया ताकि शव जल्दी गल जाए. इसके बाद वह घर में ताला लगाकर जयपुर से दूर समोदा हनुमान मंदिर दर्शन करने चला गया. 25 और 26 सितंबर को वह अपनी फैक्ट्री में सामान्य दिनों की तरह काम पर भी गया. उसका प्लान था कि शव गलने के बाद वह गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह कर देगा.
यूपी बॉर्डर के पास से आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
26 सितंबर की रात परिवार को अनहोनी की भनक लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने जब मकान के लॉन की खुदाई कराई तो किरण का शव बरामद हुआ. घटना के बाद आरोपी फैक्ट्री से 500 रुपए उधार लेकर फरार हो गया था, लेकिन यूपी बॉर्डर के पास अपना मोबाइल ऑन करते ही पुलिस सर्विलांस की मदद से पकड़ा गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT


