जयपुर: पहले से शादीशुदा था मौलाना, मदरसे की छात्रा से किया निकाह, कोर्ट के बाहर भीड़ ने लात-घूंसों से पिटाई

विशाल शर्मा

10 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 10 2026 12:41 PM)

जयपुर के एक मदरसे में तीन बच्चों के पिता मौलाना द्वारा 18 साल की छात्रा से गुप्त निकाह करने पर भड़के लोगों ने बवाल कर दिया. आरोपी मौलाना को कोर्ट में पेश कर जेल ले जाते वक्त बाहर मौजूद आक्रोशित भीड़ ने उसकी सरेआम लात-घूंसों से पिटाई कर दी.

जयपुर में छात्रा से शादी करने का मामला आया सामने
जयपुर में छात्रा से शादी करने का मामला आया सामने
Google CTA

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां कोर्ट परिसर के बाहर लोगों के गुस्से का शिकार एक मौलाना बन गया. मदरसा शिक्षक पर 18 साल की छात्रा से चुपचाप निकाह करने का आरोप है. जैसे ही आरोपी मौलाना को पुलिस कोर्ट में पेशी के बाद बाहर लेकर आई पहले से घात लगाए बैठे गुस्साए लोगों ने उस पर हमला कर दिया और लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए. अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोर्ट के बाहर हड़कंप मच गया.

Read more!

जानिए क्या है पूरा विवाद?

दरअसल ये पूरा घटनाक्रम जयपुर के जय सिंहपुरा खोर थाना इलाके की नाई की थड़ी स्थित एक मदरसे का है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मदरसे में तालीम देने वाले मौलाना पर आरोप है कि उसने अपने पद और प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हुए वहां पढ़ने आने वाली 18 साल की युवती को बहला-फुसलाकर उससे निकाह कर लिया.

चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी मौलाना पहले से ही शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं. स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि वह मदरसे में आने वाली अन्य बच्चियों और लड़कियों पर भी गलत नीयत रखता था और उन्हें प्रभावित करने की कोशिश करता था.

परिजनों को खबर मिलते ही मचा बवाल

जैसे ही छात्रा के घरवालों को इस गुप्त निकाह की भनक लगी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. परिजनों और स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश फैल गया. शनिवार को भारी संख्या में आक्रोशित लोग इकट्ठा होकर जयसिंहपुरा खोर थाने पहुंच गए और मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घेराव किया. माहौल को गरमाता देख और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आरोपी मौलाना को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया.

जेल का आदेश मिलते ही कोर्ट परिसर में हमला

पुलिस रविवार को आरोपी मौलाना को कोर्ट में पेश करने पहुंची थी. कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत  में भेजने का आदेश सुनाया. जैसे ही पुलिस टीम मौलाना को लेकर कोर्ट रूम से बाहर निकली, बाहर खड़ी भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने मौलाना को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर थप्पड़ों व लात-घूंसों की बरसात कर दी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद मौलाना को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकालकर गाड़ी में बिठाया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

कोर्ट परिसर के बाहर हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में भीड़ मौलाना की पिटाई करती नजर आ रही है, जबकि पुलिस उसे बचाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में एहतियात बरती जा रही है.

ये भी पढ़ें: पाली: फालना में पटाखा दुकान में भीषण आग, कांग्रेस पार्षद और उनके पति की दर्दनाक मौत!