पाली: फालना में पटाखा दुकान में भीषण आग, कांग्रेस पार्षद और उनके पति की दर्दनाक मौत!

Pali News: राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में दीपावली के दौरान एक पटाखा दुकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. इस दर्दनाक अग्निकांड में खुड़ाला फालना नगरपालिका की कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की जलकर मौत हो गई. रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव बरामद किए गए.

ADVERTISEMENT

राजस्थान के पाली में भीषण अग्निकांड
राजस्थान के पाली में भीषण अग्निकांड
Google CTA

Pali News: दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, लेकिन राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में एक हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. यहां पटाखों की एक दुकान में भीषण आग लगने से खुड़ाला फालना नगरपालिका की कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की मौत हो गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है.

कैसे हुआ भीषण हादसा?

जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर फालना में लोग आतिशबाजी कर रहे थे. इसी दौरान किसी आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी पास ही स्थित पटाखों की एक दुकान तक जा पहुंची. दुकान के भीतर पहले से ही भारी मात्रा में भारी-भरकम पटाखे रखे हुए थे, जिसके चलते चिंगारी पड़ते ही पटाखों ने भीषण आग पकड़ ली. देखते ही देखते पूरी दुकान आग की विकराल लपटों में घिर गई और लगातार होने वाले धमाकों से आसपास के इलाके में भारी दहशत फैल गई.

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया. नगरपालिका बाली, फालना और सादड़ी से दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. दमकल कर्मियों ने करीब 4 घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन दुकान के अंदर लगातार फूट रहे पटाखों के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी बाधा आई.

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन और बरामद हुए शव

मुख्य आग पर काबू पाने के बाद भी दुकान के अंडरग्राउंड हिस्से में लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. अतिरिक्त जिला कलेक्टर शैलेंद्र सिंह और एएसपी किशोर सिंह समेत पांच थानों का पुलिस जाप्ता मौके पर मुस्तैद रहा. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले प्रकाश पूनमिया का शव बरामद किया गया, और इसके बाद सोमवार सुबह करीब 5 बजे दुकान के अंडरग्राउंड हिस्से से कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया का भी शव बाहर निकाला गया. इस भीषण हादसे में गौतम पूनमिया नाम का एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया है. इस घटना से पूरे फालना कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है.

यह भी पढ़ें: रोमानिया से राजस्थान घूमने आई थी 30 साल की करीना, अचानक कैसे हुई मौत?