Jaipur News: राजधानी जयपुर के पॉश इलाके में विश्वासघात और बड़ी चोरी की एक खौफनाक वारदात सामने आई है. सिरसी रोड स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में जिस घर में नौकरानी रोज सफाई करती थी, उसी घर के मालिक का भरोसा तोड़कर उसने अपने पति के साथ मिलकर 50 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी पार कर दिए. हालांकि, जयपुर पुलिस की मुस्तैदी और 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की मदद से इस पूरी वारदात का पर्दाफाश हो गया है.
ADVERTISEMENT
अलमारी खोलते ही उड़े मालकिन के होश
घटना 6 अगस्त की है जब पीड़ित मकान मालिक उमेश शर्मा की पत्नी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रही थीं. जैसे ही उन्होंने अलमारी खोली, उसमें रखे करीब 50 लाख रुपये कीमत के कीमती सोने के जेवर और 8,000 रुपये की नकदी गायब थी. इसके तुरंत बाद उमेश शर्मा ने वैशाली नगर थाने पहुंचकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाई.
250 सीसीटीवी कैमरों से सुलझी गुत्थी
50 लाख की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण के निर्देशन में वैशाली नगर एसीपी अनिल कुमार शर्मा और थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर नौकरानी पर शक गहराया.
3 महीने की रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी नौकरानी मोनिका और उसके पति विकास कुमार मीणा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि विकास ने करीब 3 महीने तक कॉलोनियों में रेकी की थी और एक घर को चिह्नित किया था. इसके बाद उसने अपनी पत्नी मोनिका को उस घर में सफाई के काम पर लगवाया. मौका मिलते ही मोनिका ने अलमारी का ताला तोड़कर जेवर चुराए और अपने पति को सौंप दिए, जिसने उन्हें बाजार में बेच दिया.
बूंदी के रहने वाले हैं आरोपी पति-पत्नी
दोनों आरोपी मूल रूप से बूंदी जिले के संग्रामगंज गांव के निवासी हैं और जयपुर की बुनकर कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे. फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी के गहने खरीदने वाले सर्राफा व्यापारियों की तलाश और माल बरामदगी में जुटी है. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अहमियत को रेखांकित किया है.
ADVERTISEMENT


