Jaipur Rampura School Demolition: राजस्थान की राजधानी जयपुर के रामपुरा (कंवरपुरा) स्थित प्राथमिक स्कूल से बदहाली से बदलाव की एक बड़ी तस्वीर सामने आई है. लंबे समय से जर्जर दीवारों के साये में चल रहे और हाल ही में सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) नेताओं व ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के कारण सुर्खियों में आए इस स्कूल भवन को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह जमींदोज कर दिया है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार रामपुरा का यह प्राथमिक स्कूल पिछले करीब दो सालों से बेहद जर्जर स्थिति में था. ऐसे में खतरे को देखते हुए ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों को पहले एक बाड़े (तबेले) में बिठाकर पढ़ाया गया. बाद में बीते 21 अगस्त को जब CJP के लोगों और ग्रामीणों के बीच स्कूल को लेकर तीखी झड़प हुई तो मामला बढ़ गया. इस विवाद के बाद बच्चों को पढ़ाई के लिए एक निजी घर की चारदीवारी के अंदर शिफ्ट करना पड़ा था.
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शुरू हुआ काम
स्कूल की बदहाल हालत और मासूम बच्चों की मजबूरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन और राज्य सरकार हरकत में आई. मुख्यमंत्री की ओर से 1 सितंबर से स्कूल पुननिर्माण का काम शुरू कराने की घोषणा की गई. इसके तहत मंगलवार को स्कूल परिसर में झाड़-झंखाड़ हटाने और सफाई का काम शुरू किया गया और बुधवार को जर्जर हो चुकी इमारत को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.
18 लाख रुपये की लागत से बनेगा नया स्कूल भवन
जानकारी के अनुसार, जमींदोज किए गए इस स्कूल परिसर में अब ₹18 लाख की लागत से नया और सुरक्षित भवन तैयार किया जाएगा. इसके लिए डीएमएफटी (DMFT) फंड से ₹12 लाख और क्षेत्रीय विधायक कोष से ₹6 लाख स्वीकृत कराए जा चुके हैं. नए भवन में दो आधुनिक कक्षाएं और एक हॉल बनाया जाएगा.
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर खुशी जाहिर की है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही नया भवन बनकर तैयार होगा, जिससे बच्चों को किसी जोखिम के बिना सुरक्षित माहौल में बेहतर शिक्षा मिल सकेगी.
ADVERTISEMENT


