राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बेकाबू थार गाड़ी ने स्कूटी सवार महिला को न सिर्फ टक्कर मारी, बल्कि उसे 20 फीट तक सड़क पर घसीटते हुए ले गई. यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
बैंक के सामने हुआ भीषण हादसा
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे मानसरोवर के विजय पथ पर हुआ. जानकारी के मुताबिक, मानसरोवर निवासी नेहा श्रीवास्तव अपनी स्कूटी से बाजार की ओर जा रही थीं. जैसे ही वह विजय पथ स्थित एक बैंक के पास लगे कट से मुड़ने की कोशिश कर रही थीं, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नेहा गाड़ी के नीचे फंस गईं और थार चालक उन्हें करीब 20 फीट तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया.
मदद करने के बजाय मौके से भागा आरोपी
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को बचाने की कोशिश की और थार चालक को पकड़ने के लिए दौड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक कुछ पल के लिए गाड़ी से नीचे उतरा लेकिन घायल महिला की मदद करने के बजाय वह फिर से गाड़ी में बैठकर भागने लगा. लोगों ने उसे रोकने के लिए गाड़ी के शीशों पर वार भी किए पर आरोपी चालक किसी तरह वहां से गाड़ी भगाकर फरार होने में कामयाब रहा.
वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता
गंभीर रूप से घायल नेहा श्रीवास्तव को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस की कार्रवाई और थार का पुराना रिकॉर्ड
पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी की पहचान कर ली गई है. चौंकाने वाली बात यह है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल इस थार गाड़ी के पहले भी कई चालान कट चुके हैं. पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


