जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई. मरने वालों में एक महिला और उनकी तीन बेटियां हैं. पुलिस को शक है कि चारों की हत्या रात में सोते समय की गई. इस मामले में महिला के पति राहुल झा पर हत्या का आरोप है. वारदात के बाद वह फरार हो गया.
ADVERTISEMENT
घर में मिलीं मां और तीन बेटियों की लाशें
मामला जयपुर के करधनी इलाके में गोविंद वाटिका का है. शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को एक घर में चार लोगों की हत्या की खबर मिली. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की.
पहली मंजिल के एक कमरे में राहुल झा की पत्नी गीता झा का शव मिला. इसके बाद नीचे के कमरों में उसकी तीन बेटियों की लाशें मिलीं.
मृतकों में 23 साल की नंदिनी, 18 साल की राधिका और 14 साल की गौरी शामिल हैं. एक ही घर में चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
सोते समय पत्थर से हमला करने का शक
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या रात में की गई होगी. पुलिस को शक है कि उस समय चारों सो रही थीं.
आरोप है कि राहुल झा ने पत्थर से पत्नी और बेटियों पर हमला किया. चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस को मौके से एक पत्थर भी मिला है. आशंका है कि इसी पत्थर से हमला किया गया. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात किस समय हुई और उस रात घर में आखिर क्या हुआ था.
हत्या के बाद पिता को चाय पिलाई
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात हत्या के बाद का घटनाक्रम है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, चारों की हत्या के बाद भी राहुल झा कुछ समय तक घर में ही रहा.
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे वह दूध लेने गया. दूध लेकर घर वापस आया. इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई. चाय पिलाने के बाद राहुल घर से निकल गया. इसके बाद से उसका पता नहीं है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
शेयर ट्रेडिंग का काम करता था राहुल
जांच में पता चला है कि राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था. वह कुछ दिन पहले ही गुजरात से जयपुर वापस आया था.
उसकी पत्नी गीता झा घर की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं. वहीं बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ एक प्राइवेट नौकरी भी करती थी.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर परिवार में ऐसा क्या हुआ कि बात चार हत्याओं तक पहुंच गई.
घटना से पहले 25 हजार रुपये लिए थे उधार
पुलिस को जांच के दौरान राहुल से जुड़ी एक और जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि हत्या से करीब तीन दिन पहले उसने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे.
पुलिस इस बात को भी जांच से जोड़कर देख रही है. हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पैसे की जरूरत और हत्या के बीच कोई सीधा संबंध था.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या राहुल किसी आर्थिक परेशानी में था. क्या शेयर ट्रेडिंग में उसे नुकसान हुआ था. या फिर परिवार के अंदर कोई विवाद चल रहा था.
हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है. पुलिस आर्थिक परेशानी, शेयर ट्रेडिंग में नुकसान और पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
पुलिस राहुल झा की तलाश में जुटी है. उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि चारों की हत्या क्यों की गई.
ADVERTISEMENT


