जालौर ट्रिपल मर्डर: कलयुगी पिता ने कुल्हाड़ी से पत्नी और दो मासूम बच्चों को उतारा मौत के घाट, रूह कंपा देगी दासपा गांव की ये वारदात

Jalore triple murder: राजस्थान के जालौर जिले के भीनमाल क्षेत्र के दासपा गांव में दिल दहला देने वाला ट्रिपल मर्डर सामने आया है. आरोपी मंगलाराम पुरोहित ने कथित रूप से घरेलू कलह के चलते पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में सच सामने आ गया. जानें पूरी कहानी.

Jalore triple murder case
Jalore triple murder case

नरेश बिश्नोई

follow google news

राजस्थान के जालौर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. भीनमाल के दासपा गांव में एक पिता ने अपनी ही पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और गांव का हर शख्स इस निर्दयी पिता की करतूत सुनकर सन्न है.

Read more!

रात के सन्नाटे में हैवान बना पिता

वारदात बुधवार, 18 फरवरी की रात की है. आरोपी मंगलाराम पुरोहित ने पहले से ही हत्या की पूरी तैयारी कर ली थी. जब उसकी पत्नी और बच्चे गहरी नींद में सो गए, तब मंगलाराम ने कुल्हाड़ी उठाई और उन पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. उसने इतनी बेरहमी दिखाई कि पीड़ितों को चीखने तक का मौका नहीं मिला.

इस हमले में उसकी पत्नी दामड़ी देवी, 10 साल की बेटी निक्की और 8 साल का बेटा हितेश मौके पर ही मारे गए. मंगलाराम के दो अन्य बच्चे उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे, एक अपने चाचा के पास और दूसरा अपनी मौसी के यहां गया हुआ था, जिस वजह से उनकी जान बच गई.

खुद पुलिस को किया फोन, पर खून से सने हाथ खोल गए पोल

हैरानी की बात यह है कि हत्या करने के बाद अगली सुबह मंगलाराम ने खुद पुलिस को फोन किया और झूठी कहानी गढ़ी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके परिवार को मार दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कमरे में चारों ओर खून बिखरा था और तीन शव चारपाई पर पड़े थे. पुलिस को मंगलाराम पर पहले से ही शक था क्योंकि उसके हाथ खून से सने थे. जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया.

हत्या की वजह: घरेलू कलह और मानसिक तनाव

शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि मंगलाराम अक्सर पारिवारिक कलह और घरेलू झगड़ों से परेशान रहता था. माना जा रहा है कि इसी आपसी तनाव और तनावपूर्ण माहौल के कारण उसने इतना खौफनाक कदम उठाया और अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया.

गांव में पसरा सन्नाटा

दासपा गांव में इस वक्त मातम और सन्नाटे का माहौल है. लोग यह सोचकर हैरान हैं कि जिस पिता ने बच्चों को अपनी गोद में खिलाया, वही कैसे उनकी जान का दुश्मन बन सकता है.  पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'मेरा रेप हो गया तो कौन लेगा गारंटी?' RTO की कार्रवाई पर भड़की लड़की, जयपुर में आधी रात हाई-वोल्टेज ड्रामा का वीडियो वायरल

    follow google news