मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस के लिए सिरदर्द बना बीहड़ का मोस्ट वांटेड डकैत कल्ली गुर्जर एक बार फिर सुर्खियों में है. पुलिस की गिरफ्त से दूर बीहड़ के इस डकैत का पहला और बड़ा बयान सामने आया है. अपने वीडियो इंटरव्यू के जरिए कल्ली गुर्जर ने खुद पर दर्ज मुकदमों को झूठा और मनगढ़ंत करार देते हुए राजस्थान और मध्य प्रदेश प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है.
ADVERTISEMENT
मैं साधारण आदमी था, फर्जी मामलों में फंसाया गया
राजस्थान तक से बातचीत में डकैत कल्ली गुर्जर भावुक और आक्रामक नजर आया. उसने कहा, "मैं तो एक साधारण आदमी था, शांति से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था और ट्रक चलाकर अपनी रोजी-रोटी कमा रहा था. लेकिन मेरे परिवार और भाई को निशाना बनाया गया. पुलिस के मुखबिर बने लोगों ने साजिश रची और मेरे भाई की हत्या कर दी." कल्ली गुर्जर का दावा है कि इस घटना के बाद से ही उस पर पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ फर्जी मामले दर्ज किए जाने लगे. उसने कहा कि वर्तमान में थानों में उसके खिलाफ जितने भी मुकदमे दर्ज हैं, उनमें से ज्यादातर पूरी तरह झूठे हैं.
दस्यु जगन भाई की तरह मेरे साथ भी हो रहा अन्याय
खाटू श्याम बाबा को साक्षी मानते हुए कल्ली गुर्जर ने कहा कि उसके साथ जो अन्याय हुआ है, वह किसी से छिपा नहीं है. उसने दस्यु जगन गुर्जर का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह जगन भाई के साथ गलत हुआ, ठीक वैसा ही उसके साथ भी दोहराया जा रहा है. उसने मांग की कि दस्यु जगन गुर्जर को न्याय मिलना चाहिए.
MP के सीएम और राजस्थान पुलिस से निष्पक्ष जांच की अपील
राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार बीहड़ों में चलाए जा रहे सर्च अभियानों के बावजूद डकैत कल्ली गुर्जर पकड़ से बाहर है. अपने इस बयान में उसने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और राजस्थान पुलिस प्रशासन से स्पष्ट रूप से निवेदन किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए.
ADVERTISEMENT


