राजस्थान की सियासत में एक बार फिर ओबीसी आरक्षण और सरकारी भर्ती को लेकर घमासान तेज हो गया है. इस बार बीजेपी के दिग्गज नेता और मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के निशाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और उनका परिवार है. किरोड़ी लाल मीणा ने सीधे गोविंद सिंह डोटासरा के बेटे के आरएएस (RAS) चयन और उनके ओबीसी प्रमाण पत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
किरोड़ी लाल मीणा ने की FIR की मांग
किरोड़ी लाल मीणा ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को एक पत्र लिखा है. इस चिट्ठी में उन्होंने डोटासरा के बेटे के आरएएस चयन मामले में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच कराने और तुरंत FIR दर्ज करवाने की मांग की है. किरोड़ी लाल का आरोप है कि इस भर्ती में ओबीसी प्रमाण पत्र और चयन की पूरी प्रक्रिया संदेहास्पद है, जिसकी गहराई से जांच होनी चाहिए.
भीतर खाने की दोस्ती की चर्चा
इस पूरे सियासी घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर भी कई तरह की चर्चाएं तेज हैं. राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और गोविंद सिंह डोटासरा के बीच अंदरखाने बढ़ती नजदीकियों से किरोड़ी लाल मीणा नाराज चल रहे हैं. सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इसी अंदरूनी तालमेल को सार्वजनिक करने और अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए किरोड़ी बाबा ने डोटासरा परिवार पर यह बड़ा हमला बोला है, हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
साडू भाइयों में छिड़ी नई सियासी जंग
राजस्थान की राजनीति में गोविंद सिंह डोटासरा और किरोड़ी लाल मीणा अक्सर मजाकिया लहजे में एक-दूसरे को 'साडू भाई' कहते नजर आते हैं. लेकिन अब दोनों की सियासी खींचतान बढ़ गई है. कांग्रेस की तरफ से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि किरोड़ी लाल मीणा के इस 'लेटर बम' के बाद राजस्थान की राजनीति में एक नया और बड़ा भूचाल आना तय है और आने वाले दिनों में दोनों तरफ से तीखे वार-लटवार देखने को मिलेंगे.
ADVERTISEMENT


