जयपुर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता किरोड़ी लाल मीणा ने स्थानीय निकाय चुनावों और हालिया राजनीतिक मुद्दों पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ नगर निकायों में अपने बोर्ड बनाएगी और जनता विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ है.
ADVERTISEMENT
अकाल राहत और हनुमान बेनीवाल पर वार
अकाल प्रबंधन को लेकर हनुमान बेनीवाल द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि सरकार ने अब तक 11 जिलों की 27 तहसीलों को अकाल ग्रस्त घोषित कर अधिसूचित कर दिया है. अकाल राहत कार्य आचार संहिता समाप्त होते ही शुरू कर दिए जाएंगे, इसके लिए चुनाव आयोग से अनुमति लेने पर भी विचार किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अकाल घोषित करने की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है, जिसके तहत विभाग सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही काम करता है.
'वोट चोरी' और SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
मतदाता सूचियों और 'वोट चोरी' के आरोपों पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि युवाओं और नए नाम जुड़ने न देने के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं . उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए साल में कई बार (1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर) व्यवस्था रहती है, जहाँ कोई भी पात्र व्यक्ति अपना नाम जुड़वा या हटवा सकता है.
एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक माहौल बिगाड़ा जा रहा है, जबकि इसकी शुरुआत 25 जून 2025 को हुई थी और इससे लाखों नए युवा मतदाता जुड़े हैं.
ADVERTISEMENT


