राजस्थान की राजनीतिक गलियारों में एक बार चर्चाएं फिर तेज हो गई है और इस बार वजह कोई बयानबाजी नहीं बल्कि शादी है. लाडनूं से कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं और उनके यहां शहनाइयां बजने वाली हैं. मुकेश भाकर की यह शादी कोई साधारण विवाह नहीं, बल्कि एक चर्चित लव मैरिज है, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हो रही है. आइए विस्तार से जानते हैं इस शादी की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
कौन हैं मुकेश भाकर की होने वाली दुल्हन?
मुकेश भाकर की होने वाली पत्नी का नाम कोमल मीणा है. कोमल मीणा राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) की अधिकारी हैं और वर्तमान में जज के पद पर कार्यरत हैं. कोमल मूल रूप से दौसा जिले के लालसोट तहसील के खुर्रा गांव की रहने वाली हैं. उन्होंने 2019 में आरजेएस परीक्षा पास की थी. जोधपुर से स्नातक और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एलएलएम करने वाली कोमल जयपुर हाई कोर्ट में प्रैक्टिस के दौरान जज के रूप में चुनी गई थीं.
कब है शादी की तारीख?
जानकारी के मुताबिक, मुकेश भाकर और कोमल मीणा 9 मार्च 2026 को शादी के बंधन में बंधेंगे. 37 वर्षीय मुकेश भाकर की शादी का उनके समर्थक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. गौरतलब है कि उनके छोटे भाई की शादी इसी साल हुई है, जिसके बाद से ही मुकेश भाकर के दूल्हा बनने को लेकर सवाल पूछे जा रहे थे.
जाति की दीवारें तोड़ होगी यह शादी
मुकेश भाकर और कोमल मीणा की यह शादी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि यह एक अंतरजातीय विवाह (Inter-caste Marriage) है. मुकेश भाकर जहां जाट समुदाय से आते हैं, वहीं कोमल मीणा आदिवासी मीणा समुदाय से ताल्लुक रखती हैं. राजनीति और समाज के नजरिए से इसे एक बड़ा और प्रगतिशील कदम माना जा रहा है.
राजनीतिक कद और चर्चा
मुकेश भाकर लाडनूं सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. अभिमन्यु पूनिया और रामनिवास गावड़िया जैसे युवा नेताओं की शादी के बाद अब मुकेश भाकर की शादी राजस्थान की सबसे चर्चित शादियों में से एक बन गई है. सोशल मीडिया पर उनके समर्थक और शुभचिंतक अभी से उन्हें बधाई दे रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: छात्र राजनीति से कैबिनेट तक, कौन थे हेम सिंह भड़ाना, जिनके निधन से राजस्थान शोक में
ADVERTISEMENT

