'माहौल खराब करने आए थे...': कॉकरोच जनता पार्टी-CJP नेताओं की पिटाई पर बोले राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर

न्यूज तक डेस्क

• 03:26 PM • 21 Aug 2026

राजस्थान के बगरू स्थित एक सरकारी स्कूल में जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए. इस घटना पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्कूलों में व्यवधान पैदा करने वालों के खिलाफ लोगों का यह गुस्सा स्वाभाविक है.

CJP को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान
CJP को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान
Google CTA

राजस्थान के बगरू विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) से जुड़े आशुतोष रांका और उनके कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट और गाड़ियों के शीशे फोड़ने का मामला सामने आया है. इस पूरी घटना पर राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की प्रतिक्रिया सामने आई है.

Read more!

ग्रामीणों के गुस्से को बताया स्वाभाविक

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बगरू की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों को लगा कि इस चरित्र के लोग अगर विद्यालय में जाएंगे तो स्कूल का वातावरण खराब होगा और बच्चों की पढ़ाई बाधित होगी.

उन्होंने कहा, "इसी बात को लेकर सब लोगों में गुस्सा है कि किसी भी कीमत पर बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए और न ही स्कूल में किसी प्रकार का व्यवधान पैदा होना चाहिए." शिक्षा मंत्री ने यह भी दावा किया कि राजस्थान के अलग-अलग कोनों से उनके पास यह संदेश आ रहे हैं कि यदि कोई भी सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में व्यवधान पैदा करेगा, तो जनता उसे बर्दाश्त नहीं करेगी.

कांग्रेस और विपक्ष पर साधा निशाना

मदन दिलावर ने बगरू की घटना के संदर्भ में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) और कांग्रेस के रिश्तों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि यह पार्टी कांग्रेस के समर्थन से काम कर रही है और इस तरह का व्यवहार कोई बर्दाश्त नहीं करता. BJP का पक्ष रखते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता न तो कभी सरकारी कामकाज में बाधा डालते हैं और न ही कभी स्कूलों की व्यवस्था खराब करते हैं.

अनाधिकृत प्रवेश और वीडियोग्राफी पर आदेश से गरमाई राजनीति

गौरतलब है कि हाल ही में शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया था कि सरकारी स्कूलों में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी. इस आदेश को लेकर कांग्रेस पार्टी विधानसभा सत्र के दौरान लगातार हंगामा कर रही है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है.

विधानसभा में विपक्ष के इस हंगामे और इस्तीफे की मांग पर जब शिक्षा मंत्री से सवाल किया गया, तो उन्होंने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए कहा कि इसका जवाब कांग्रेस को सही समय पर दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: जयपुर में CJP टीम पर हमले के बाद आशुतोष रांका का बड़ा ऐलान, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को दी 48 घंटे की चेतावनी