बाड़मेर-जैसलमेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने दूसरी शादी कर ली है. अब इस पूरे मामले पर खुद मानवेंद्र सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसने विवाद को खत्म करने के बजाय और सुलझा दिया है.
ADVERTISEMENT
शादी के सवाल पर 'ईरान की लड़ाई' का जिक्र
राजस्थान पत्रिका की रिपोर्ट के अनुसार, जब मानवेंद्र सिंह जसोल से उनकी दूसरी शादी और वायरल तस्वीरों के बारे में सीधा सवाल पूछा गया, तो उन्होंने 'हां' या 'ना' में जवाब देने के बजाय बात को घुमा दिया. जसोल ने कहा, 'मौजूदा वक्त में ईरान की लड़ाई पर चर्चा ज्यादा जरूरी है या फिर मेरे बारे में चर्चा होना?' उनके इस गोलमोल जवाब ने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है, क्योंकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि उनके साथ दिख रही महिला आखिर कौन है.
वायरल वीडियो में मां और बेटे के साथ तीखी बहस
भले ही मानवेंद्र सिंह खुलकर कुछ न कह रहे हों, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं. एक वीडियो में मानवेंद्र सिंह की अपनी मां शीतल कंवर के साथ तीखी बहस होती सुनाई दे रही है. इतना ही नहीं, वीडियो में उनका बेटा हमीर सिंह भी अपने पिता को आंख दिखाता और हाथ हिलाकर वहां से चले जाने के लिए कहता नजर आ रहा है. परिवार के भीतर इस तरह की सार्वजनिक बगावत ने स्वर्गीय जसवंत सिंह के समर्थकों को हैरत में डाल दिया है.
बिना आग के नहीं उठता धुआं
राजपूत समाज और जसोल परिवार की साख को देखते हुए यह विवाद अब काफी गंभीर होता जा रहा है. अगर महल के भीतर सब कुछ ठीक है, तो फिर परिवार के सदस्यों के बीच इस तरह की नोकझोंक के वीडियो बाहर कैसे आ रहे हैं? मानवेंद्र सिंह की चुप्पी और उनके बेटे द्वारा उन्हें घर से जाने को कहना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जसोल परिवार के भीतर एक बड़ी दरार पैदा हो चुकी है.
क्या है असली सच्चाई?
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि मानवेंद्र सिंह ने एक गैर-राजपूत महिला से विवाह कर लिया है, जिसे उनका परिवार और समाज स्वीकार नहीं कर रहा है. हालांकि, जब तक मानवेंद्र सिंह खुद इस पर स्पष्टीकरण नहीं देते, तब तक कयासों का बाजार गर्म रहेगा. फिलहाल, उनके ईरान की लड़ाई वाले बयान को लोग उनकी असहजता और सच्चाई को छिपाने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं.
ADVERTISEMENT


