राजस्थान के नागौर जिले में अवैध बजरी से भरे एक बेलगाम डंपर ने सड़क पर खौफनाक मंजर पैदा कर दिया. स्कूटी और एंबुलेंस को टक्कर मारने के बाद जब एक युवक चालक को रोकने के लिए डंपर की खिड़की पर चढ़ा, तो सिरफिरा ड्राइवर उसे वैसे ही लटकाकर हाईवे पर रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से गाड़ी भगाने लगा. नागौर और जोधपुर जिले के 14 गांवों के ग्रामीणों और चार थानों की पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर आखिरकार इस मौत की रफ्तार पर ब्रेक लगाया.
ADVERTISEMENT
स्कूटी और एंबुलेंस को मारी टक्कर, दरवाजे पर लटका रहा युवक
यह पूरा हाई वोल्टेज ड्रामा नागौर शहर के डीडवाना बाईपास पर शुरू हुआ. यहां अवैध बजरी से भरे एक डंपर ने पहले एक स्कूटी और फिर एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा होते ही वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. गुस्साए लोगों ने जब ड्राइवर को नीचे उतारने की कोशिश की, तो उसने अंदर से गेट लॉक कर लिया. इसी बीच एक युवक बहादुरी दिखाते हुए डंपर के खलासी साइड के दरवाजे पर चढ़ गया, ताकि चालक को रोका जा सके. लेकिन बेखौफ चालक ने खिड़की बंद की और युवक को दरवाजे पर लटकाए हुए ही गोगेलाव गांव की तरफ डंपर दौड़ा दिया.
हाईवे पर मची अफरातफरी, लोगों पर पत्थर बरसाए और बजरी खाली की
युवक कांच पकड़कर अपनी जान बचाने की गुहार लगाता रहा और डंपर हाईवे पर रॉन्ग साइड में लोगों को डराते हुए भागता रहा. डंपर का आतंक देखकर रास्ते में आने वाले वाहन चालक डर के मारे गाड़ियां सड़क किनारे करने लगे. इसके बाद गोगेलाव गांव के लोगों ने हिम्मत दिखाई और बाइक-गाड़ियों से डंपर का पीछा करना शुरू किया. जब कुछ कारों और ट्रैक्टरों ने आगे गाड़ी लगाकर डंपर को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने बैक करके सड़क पर ही बजरी खाली कर दी और भाग निकला. ग्रामीणों ने डंपर पर पत्थर भी बरसाए जिससे उसके कांच टूट गए, लेकिन ड्राइवर ने लोगों पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया.
14 गांवों में दहशत के बाद पुलिस ने ऐसे रचा चक्रव्यूह
डंपर चालक पुलिस को चकमा देने के लिए गांव के संकरे और कच्चे रास्तों में गाड़ी दौड़ाने लगा, जिससे नागौर और जोधपुर के 14 गांवों में दहशत फैल गई. पीछे चार थानों की पुलिस लगी हुई थी. आखिरकार जोधपुर जिले के धनारी कला गांव में नागौर पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर एक चक्रव्यूह रचा और रास्ते बंद करके सिरफेरे चालक को दबोच लिया. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर रामगोपाल जाट को गिरफ्तार कर लिया है और डंपर को जब्त कर उसके खिलाफ जानलेवा हमला, अवैध खनन और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.
ADVERTISEMENT


