नरेश मीणा का सरेंडर करने का ऐलान, खुद तय की तारीख और समय, जानिए पुलिस क्यों कर रही तलाश?

आंचल गुप्ता

03 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 3 2026 1:03 PM)

Naresh Meena Surrender Announcement: राजस्थान के किसान नेता नरेश मीणा ने पुलिस कार्रवाई के बीच खुद सरेंडर करने का बड़ा ऐलान किया है. सुबह पुलिस उनके पैतृक गांव पहुंची थी, जिसके बाद भड़के परिवार ने सवाल उठाए. अब नरेश मीणा ने खुद वीडियो जारी कर 6 नवंबर को शाम 5 बजे नाहरगढ़ थाने में गिरफ्तारी देने की बात कही है.

नरेश मीणा ने खुद किया सरेंडर का ऐलान
नरेश मीणा ने खुद किया सरेंडर का ऐलान
Google CTA

Naresh Meena Surrender Announcement: राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के बीच किसान नेता नरेश मीणा एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में आ गए हैं. एक तरफ पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं, तो दूसरी तरफ नरेश मीणा ने खुद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी गिरफ्तारी की तारीख और समय का ऐलान कर दिया है. इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति और पुलिस प्रशासन दोनों में हलचल तेज कर दी है. क्या है पूरा मामला चलिए विस्तार से जानते हैं इस खबर में...

Read more!

सुबह 5 बजे नरेश मीणा के घर पहुंची पुलिस

मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस की भारी-भरकम टीम बारां जिले के अटरू थाना क्षेत्र स्थित नरेश मीणा के पैतृक गांव नयागांव पहुंची. पुलिस को सूचना मिली थी कि नरेश मीणा अपने गांव में ही मौजूद हैं, जिसके बाद यह दबिश दी गई. हालांकि, जब पुलिस टीम उनके घर पहुंची तो वे वहां नहीं मिले. अचानक सुबह-सुबह भारी पुलिस बल को देखकर नरेश मीणा का परिवार भड़क उठा और नाराजगी जताई. नरेश मीणा के पिता कल्याण सिंह मीणा ने पुलिस अधिकारियों के सामने तीखे सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि घर में बहन-बेटियां और बुजुर्ग रहते हैं, ऐसे में इस तरह अचानक भारी पुलिस बल के साथ पहुँचना सही नहीं है. इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है.

नरेश मीणा ने खुद किया सरेंडर का ऐलान, पुलिस को दी चुनौती

पुलिस के खाली हाथ लौटने के कुछ ही देर बाद नरेश मीणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर नया मोड़ ला दिया. उन्होंने कहा कि आज सुबह पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने घर पहुंची थी, लेकिन अब वे खुद 6 नवंबर को शाम 5 बजे नाहरगढ़ थाने पहुंचकर अपनी गिरफ्तारी देंगे. यानी जिस नेता को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, उन्होंने खुद ही सरेंडर करने का वक्त और जगह तय कर दी है. इसके साथ ही वीडियो में नरेश मीणा ने जनता से अपील की कि कांग्रेस और बीजेपी को छोड़कर तीसरे मोर्चे, बीएसपी, आरएलपी या निर्दलीय उम्मीदवारों को मजबूत किया जाए.

क्या है पूरा मामला? जानिए क्यों हो रही है तलाश

बता दें कि नरेश मीणा की तलाश नाहरगढ़ रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ कथित मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में की जा रही है. आरोप है कि चुनावी सभा के दौरान उनके समर्थकों ने रेंज कार्यालय में हंगामा किया था और कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी. इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. अब देखना यह होगा कि क्या पुलिस 6 नवंबर का इंतजार करती है या उससे पहले ही नरेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया जाता है.

यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव: बीजेपी नेत्री नीलम गुर्जर का कांग्रेस पर तीखा हमला, गहलोत-पायलट पर उठाए सवाल