Pali Female Doctor Viral Video: डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है. अस्पताल पहुंचने वाला हर मरीज और उसका परिवार डॉक्टर से इलाज के साथ-साथ सही सलाह और संवेदनशील व्यवहार की उम्मीद करता है. लेकिन राजस्थान के पाली जिले के सुमेरपुर स्थित एक निजी अस्पताल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें एक महिला डॉक्टर बुजुर्ग मरीज पर गुस्सा करती नजर आ रही हैं. वीडियो में वह बुजुर्ग के लिए 'बुड्ढा खूसट' और 'बाहर निकल' जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करती सुनाई दे रही हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद डॉक्टर और मरीज के रिश्ते को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
जानें क्या है पूरा मामला और क्यों भड़कीं डॉक्टर?
जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद एक गर्भवती महिला के इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर शुरू हुआ था. बताया जा रहा है कि 4 नवंबर को एक परिवार अपनी गर्भवती बहू को डिलीवरी के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा था. परिजनों का आरोप है कि महिला को ब्लीडिंग हो रही थी और उसकी स्थिति को देखकर परिवार के लोग डॉक्टर को जल्द बुलाने की गुहार लगा रहे थे. इसी बात को लेकर अस्पताल के भीतर डॉक्टर और परिजनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में तब्दील हो गई.
वायरल वीडियो में महिला डॉक्टर को यह कहते हुए साफ सुना जा सकता है "यह बकवास कर रहा है बुड्ढा खूसट... बाहर निकल... चुप, एक भी बकवास कर रहा है तो देख लेना." डॉक्टर का यह आक्रामक रूप कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
प्रशासन और मेडिकल काउंसिल तक पहुंची शिकायत
अस्पताल के भीतर हुई इस बदसलूकी और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के बाद पीड़ित परिवार ने कड़ा रोष जताया है. परिजनों ने इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राजस्थान मेडिकल काउंसिल तक पहुंचाई है. वीडियो सामने आने के बाद जहां एक तरफ लोग सोशल मीडिया पर डॉक्टर के इस गैर-पेशेवर रवैये की कड़ी निंदा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ 'राजस्थान तक' की टीम ने जब इस मामले पर डॉक्टर तरुणा का पक्ष जानने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. बहरहाल, इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: रोमानिया से राजस्थान घूमने आई थी 30 साल की करीना, अचानक कैसे हुई मौत?
ADVERTISEMENT


