धौलपुर में BJP सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरी ABVP! मांग पूरी न होने पर दी बड़ी चेतावनी, जानें पूरा मामला?

उमेश मिश्रा

• 04:11 PM • 11 Aug 2026

Rajasthan ABVP Protest:राजस्थान में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भजनलाल शर्मा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. धौलपुर में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ, तो जयपुर में विधानसभा का घेराव किया जाएगा.

 राजस्थान के कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग
राजस्थान के कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग
Google CTA

Rajasthan Student Union Elections: राजस्थान के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पिछले तीन सालों से बंद पड़े छात्र संघ चुनाव को दोबारा बहाल कराने की मांग को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है. धौलपुर जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने भजनलाल सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. जिला कलेक्ट्रेट की ओर मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया, तो प्रदेश भर के युवा जयपुर में मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा का घेराव करेंगे.

Read more!

'हमारी कोई विचारधारा या सरकार नहीं, छात्र हित सर्वोपरि'

प्रदर्शन के दौरान ABVP पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन एक गैर-राजनीतिक छात्र संगठन है. हालांकि लोग इसे बीजेपी से जोड़कर देखते हैं, लेकिन अगर बीजेपी सरकार भी छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करेगी, तो परिषद चुप नहीं बैठेगी. छात्र नेताओं का कहना था कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए चुनाव बंद किए थे, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद भी वर्तमान भजनलाल सरकार चुनाव कराने से कतरा रही है.

'लाठीचार्ज करो लेकिन अधिकार दो, नहीं तो बदल देंगे सरकार'

आंदोलन के दौरान छात्र नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ललकारते हुए कहा, "चाहे हम पर लाठीचार्ज कर दो, लेकिन कॉलेज चुनाव बहाल करो." ABVP नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि 2023 में न्याय पदयात्रा निकालकर जिस युवा शक्ति ने सरकार बदलने में भूमिका निभाई थी, वही युवा अगर सड़कों पर उतर आया तो किसी भी सरकार को उखाड़ फेंकने की ताकत रखता है.

छात्राओं ने संभाला मोर्चा, भूख हड़ताल की दी चेतावनी

धौलपुर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया. बीए प्रथम वर्ष और फाइनल ईयर की छात्राओं का कहना था कि छात्र संघ अध्यक्ष न होने के कारण उन्हें कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपलों तक अपनी बुनियादी समस्याएं पहुंचाने में काफी दिक्कत आती है. छात्राओं ने साफ कहा कि यदि सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती है तो वे आमरण अनशन और भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगी.

जयपुर घेराव और आमरण अनशन का मास्टर प्लान

कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के बाद छात्र नेताओं ने आगे के उग्र आंदोलन का खाका साझा किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, जयपुर में महाआंदोलन की तैयारी की जाएगी. अगर सरकार ने सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो पूरे राजस्थान से हजारों छात्र जयपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे और सड़कों पर मुख्यमंत्री के पुतले फूंके जाएंगे.

यह भी पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव में कितना पैसा खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी? निर्वाचन आयोग ने तय की अधिकतम सीमा! जानिए पूरे नियम