CJP protest Rajasthan: राजस्थान में CJP के आंदोलन को लेकर काफी हलचल मची हुई है. जयपुर के बाद अब जोधपुर में भी CJP के कार्यक्रम के दौरान हंगामा देखने को मिला. इसी बीच, कुछ दिन पहले जयपुर में CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वाले युवक राकेश गुर्जर ने इंडिया टुडे से बातचीत की. राकेश ने CJP नेताओं पर छात्रों और शिक्षा के मुद्दे के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि जब तक आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके भगवान राम से जुड़े विवादित बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT
जयपुर के बगरू में CJP टीम पर हुआ था हमला
दरअसल, बीते दिनों CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका अपनी टीम के साथ जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा कंवरपुरा के जर्जर प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और बीजेपी समर्थकों ने CJP की एंट्री का विरोध किया. आरोप है कि ग्रामीणों और CJP कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस के बाद धक्कामुक्की हुई. CJP का दावा है कि उनकी गाड़ियों को घेर लिया गया, रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर नाकेबंदी की गई और पथराव भी हुआ.
विवाद के बाद आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि उनकी शर्ट फाड़ी गई और उनकी टीम के 3-4 सदस्यों को चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. उन्होंने कहा कि विरोध के बाद सरकार ने उस स्कूल को 1 सितंबर से ठीक कराने का आदेश जारी किया है, जो कथित तौर पर भैंसों के तबेले में चल रहा था. रांका ने हिंसा में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
जोधपुर में ABVP और BJYM का हंगामा, 8 हिरासत में
जयपुर की घटना के बाद जोधपुर के गांधी शांति प्रतिष्ठान में 'शिक्षा नई पीढ़ी के सवाल' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में भी हंगामा हुआ. बताया गया कि आशुतोष रांका के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही ABVP और बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता दीवार फांदकर अंदर घुस आए और नारेबाजी करने लगे. बाहर एक युवक के साथ हाथापाई की बात भी सामने आई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने कुल 8 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. इनमें BJYM के प्रदेश प्रवक्ता राजवीर सिंह बांता, ABVP के ललित दादीच, कुलदीप बेनीवाल, पंकज देवड़ा, सौरभ आचार्य, सचिन आचार्य, केशव ओझा और हार्दिक शामिल हैं. इसके बाद आशुतोष रांका को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच जयपुर रवाना कर दिया गया.
थप्पड़कांड के आरोपी राकेश गुर्जर का पलटवार
दूसरी ओर, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वाले राकेश गुर्जर ने भी मीडिया से बातचीत में CJP पर निशाना साधा. राकेश का आरोप है कि CJP नेता छात्रों और शिक्षा के मुद्दे को लेकर सिर्फ अपनी राजनीति चमका रहे हैं.
राकेश गुर्जर ने कहा कि CJP के नेता सनातन संस्कृति, भगवान राम और माता सीता को लेकर विवादित टिप्पणियां करते हैं. उन्होंने कहा कि जब तक आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके भगवान राम से जुड़े मामले को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. राकेश ने यह भी दावा किया कि बगरू के स्कूल के लिए सरकार पहले ही 18 लाख रुपये स्वीकृत कर चुकी थी और CJP सिर्फ इसका श्रेय लेने और प्रचार पाने की कोशिश कर रही है.
क्या राजनीति की भेंट चढ़ रहा शिक्षा का मुद्दा?
CJP का कहना है कि उसका आंदोलन जर्जर स्कूलों और बदहाल सरकारी शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाने के लिए है. वहीं, बीजेपी और स्थानीय लोगों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि इस मुद्दे के जरिए राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश की जा रही है. जयपुर और जोधपुर में हुए टकराव के बाद अब सवाल यही है कि क्या शिक्षा और बच्चों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा राजनीतिक श्रेय की लड़ाई में उलझकर रह जाएगा.
यह भी पढ़ें: CJP की बैठक के बाद सामने आया 5 सितंबर का बड़ा प्लान, इन मांगों को लेकर दिल्ली में निकलेगा मार्च
ADVERTISEMENT


