Rajasthan Government School News: राजस्थान के सरकारी स्कूलों की बदहाली को लेकर राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है. एक तरफ जहां राज्य के बजट दस्तावेजों ने सरकारी शिक्षा ढांचे की बदहाली की पोल खोलकर रख दी है, वहीं राजधानी जयपुर के एक गांव में स्कूल का जायजा लेने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम पर हमला होने से सियासी घमासान शुरू हो गया है. इस घटना के बाद से प्रदेश में विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT
बजट में खुली बदहाली की पोल, 2500 से अधिक स्कूल जर्जर
राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए बजट दस्तावेजों में सरकारी स्कूलों की बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है. आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान में 2500 से ज्यादा सरकारी स्कूलों की इमारतें जर्जर स्थिति में हैं और वे हादसों को न्योता दे रही हैं. इतना ही नहीं, प्रदेश के 300 स्कूल तो ऐसे हैं जिनके पास अपना कोई भवन ही नहीं है. झालावाड़ में हुए स्कूल हादसे के बाद विधानसभा में पेश की गई ऑडिट रिपोर्ट में सरकार ने इस स्थिति के लिए पिछली गहलोत सरकार की अनदेखी और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है.
सुधार के लिए 1200 करोड़ की योजना, बायोमेट्रिक हाजिरी भी होगी लागू
स्कूलों का ढांचा सुधारने के लिए सरकार ने आगामी बजट में बड़े वित्तीय ऐलानों का दावा किया है. योजना के तहत जर्जर इमारतों की मरम्मत और जीर्णोद्धार पर 550 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके साथ ही बिना भवन वाले और बेहद खस्ताहाल 300 स्कूलों के नए निर्माण के लिए 450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा 1500 नए क्लासरूम, कंप्यूटर लैब और साइंस लैब बनाने पर 200 करोड़ रुपये अलग से खर्च होंगे. स्कूलों में शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने और बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए फेस रिकग्निशन सिस्टम जैसी तकनीक लगाने का भी खाका तैयार किया गया है.
जयपुर के रामपुरा में CJP टीम पर पथराव, महिला कार्यकर्ताओं से बदसलूकी
बदहाली के इन दावों के बीच जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में शुक्रवार को बड़ा हंगामा हो गया. यहां CJP की एक टीम एक ऐसे सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी, जो एक भैंस के बाड़े में चल रहा था और जिसे पहले ही असुरक्षित मानकर बंद किया जा चुका था. आरोप है कि निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने CJP टीम पर हमला बोल दिया. इस दौरान गाड़ियों पर पथराव कर शीशे तोड़े गए और महिला कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद CJP ने स्थानीय पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का गंभीर आरोप लगाया है. पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए हमलावरों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की है. इस पूरे घटनाक्रम पर राज्य के राजनीतिज्ञों के बयान भी सामने आए हैं. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने CJP पर राजस्थान का माहौल खराब करने और हंगामा फैलाने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हमले के पीछे बीजेपी कार्यकर्ताओं का हाथ बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है.
ADVERTISEMENT


