Jalore Murder Case: राजस्थान के जालौर जिले में एक पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करने का आरोप लगा है. मामला आहोर थाना इलाके का है. मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर ही इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने का दावा किया है. इस दौरान जांच में पत्नी का अवैध प्रेम प्रसंग था सामने निकल कर आया है. अब मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को दबोचा लिया है. दोनों पर आरोप है कि इन्होंने शादी के रास्ते में बाधा बन रहे पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की एक सोची समझी साजिश रची थी और फिर हत्या कर शव को मडला क्षेत्र की सरहद में फेंक दिया.
ADVERTISEMENT
दअसल, 24 जून को आहोर थाना इलाके में सरहद मडला इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. इसके मिलने के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की. शव की शिनाख्त पाली जिले के रानी के रहने वाले रानीगांव के राजेन्द्र कुमार मीणा के रूप में हुई. इस घटना के बाद मृतक की मां ने अपनी बहू ममता उसके कुछ परिचितों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया.
पुलिस टीम ने जुटाए अहम सुराग
मामले की जांच के लिए जालौर के एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया के एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. इस टीम ने घटनास्थल से एफएसएल और एमओबी की मदद ली. साथ ही आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल कॉल डिटेल को खंगाला. इस दौरान जांच के में मृतक की पत्नी ममता और उसके पहचान वाले रमेश कुमार मीणा की गतिविधियां संदिग्ध पाई मिली. पुलिस ने जब दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया और पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
पीहर जाने पर शुरू हुई प्रेम कहानी
पुलिस की शुरुआती जांच पड़ताल में सामने आया कि मृतक राजेन्द्र कुमार और आरोपी ममता की शादी करीब 14 से 15 साल पहले हुई थी. लेकिन पिछले 8 से 10 महीनों से पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. इसी अनबन के चलते ममता अपने पति का घर छोड़कर अपने पीहर चली गई थी. पीहर में रहने के दौरान ही उसकी मुलाकात रमेश मीणा नाम के शख्स से हुई. धीरे धीरे दोनों एक दूसरे के करीब आ गए दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया. दावा है कि इस दौरान दोनों के बीचअवैध संबंध स्थापित हो गए. अब दोनों आगे चलकर आपस में शादी करना चाहते थे लेकिन ममता का पति राजेन्द्र उनके इस रिश्ते के बीच में सबसे बड़ी रुकावट बन रहा था.
शराब पिलाकर रास्ते से हटाया
पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी रमेश ने अपने एक रिश्तेदार अभिषेक मीणा के साथ मिलकर एक पूरी योजना तैयार की. इस योजना के तहत वे मजदूरी दिलाने का झांसा देकर राजेन्द्र कुमार को मोटरसाइकिल पर बैठाकर उसके गांव रानीगांव से अपने साथ ले गए. रास्ते में सफर के दौरान उन्होंने राजेन्द्र को कई बार शराब पिलाई जिससे वह पूरी तरह होश खो बैठा. इसके बाद पहले से तय की गई एक सुनसान जगह पर ले जाकर रमेश और अभिषेक ने मिलकर राजेन्द्र की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने शव को सरहद मडला क्षेत्र में फेंक दिया ताकि शव की पहचान न हो सके और वे बच निकलें.
पुलिस कप्तान ने दी पूरी जानकारी
इस मामले को लेकर जालौर के एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया ने आजतक से बातचीत में बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर इस पूरे ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश किया है. उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही इस हत्या कांड में शामिल अन्य पहलुओं और कड़ियों की भी जांच कर रही है.
यह भी पढें: जयपुर में निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढही, तीन की मौत, कई मजदूर के मलबे में दबे होनी की आशंका
ADVERTISEMENT


