live blog active
लाइव

Rajasthan Nagar Palika Result LIVE: 252 सीटों पर मतगणना जारी, जानिए आपके इलाके से कौन आगे और कौन पीछे?

न्यूज तक डेस्क

14 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 14 2026 9:16 AM)

Rajasthan Local Body Election Results 2026 LIVE: राजस्थान की 309 नगर निकायों के 10,167 वार्डों में 38,889 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज मतगणना के साथ होने जा रहा है. राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों के हर वार्ड के लाइव अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें...

Google CTA
राजस्थान नगर पालिका चुनाव
राजस्थान नगर पालिका चुनाव

Rajasthan Local Body Election Results 2026 LIVE: मरुधरा के शहरों की चौपालों पर जारी सस्पेंस आज खत्म होने जा रहा है. प्रदेश की 252 सीटों की गिनती आज यानी 14 सितंबर सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है. मतगणना केंद्रों पर थ्री-टीयर सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम की सील खोली जा रही है. 38,889 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत का पिटारा खुलने के साथ ही 9 बजे से शुरुआती रुझान सामने आने शुरू हो जाएंगे.

Read more!

जयपुर के भवानी निकेतन कॉलेज से लेकर जोधपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर के काउंटिंग सेंटर्स पर उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की धड़कनें तेज हैं. दोपहर 12 बजे तक अधिकांश वार्डों में जीत-हार का नक्शा साफ होने की उम्मीद है. 

राजस्थान निकाय चुनाव

राजस्थान के 309 शहरी निकायों के 10,167 वार्डों के लिए हुए स्थानीय निकाय चुनावों में कुल 38,889 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य तय होना है, जहां कुल 74.05% बंपर मतदान दर्ज किया गया था. वोटों की गिनती के साथ ही मुख्य मुकाबला शुरू हो चुका है, जबकि 77 प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं (जिनमें भाजपा के 44, कांग्रेस के 16 और 17 निर्दलीय शामिल हैं). आज आने वाले वार्ड परिणामों के बाद अब सभी की निगाहें 21 सितंबर पर टिकी हैं, जब निकायों में शीर्ष नेतृत्व के लिए मेयर और सभापति पदों का चुनाव किया जाएगा.

दो चरणों में हुआ था बंपर मतदान

प्रदेश में स्थानीय निकायों के लिए दो चरणों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ था:

  • पहला चरण (9 सितंबर): 162 निकायों में 76.41% वोटिंग दर्ज की गई थी.
  • दूसरा चरण (11 सितंबर): 147 निकायों में 71.69% मतदाताओं ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया.

दोनों चरणों का औसत मतदान प्रतिशत 74.05% रहा. धोरिमन्ना (बालोतरा) में जहां सबसे ज्यादा 91.59% वोट पड़े, वहीं कोटा नगर निगम में सबसे कम मतदान देखने को मिला.

राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों के हर वार्ड के लाइव अपडेट्स के लिए हमारे साथ बने रहें...

ये भी पढ़ें: Rajasthan Nagar Nigam Result 2026 Live: 10 नगर निगमों में किसका बोर्ड?

  • 09:16 AM • 14 Sep 2026

    Nainwa Civic Polls Result: नैनवां में जबरदस्त मुकाबला! बीजेपी 4, कांग्रेस 4 और 2 पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी!

    बूंदी जिले की नैनवां नगर पालिका के पहले चरण की मतगणना के बाद वार्ड 1 से 10 तक के नतीजे सामने आ चुके हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. शुरुआती 10 वार्डों के परिणामों में भाजपा ने 4 सीटों (वार्ड 2 से देवकी बाई, वार्ड 6 से पुखराज ओसवाल, वार्ड 7 से प्रमोद कुमार जैन और वार्ड 8 से अटल सोनी) पर जीत हासिल की है. वहीं कांग्रेस ने भी बराबर की टक्कर देते हुए 4 सीटों (वार्ड 1 से निर्मला देवी, वार्ड 3 से बनवारीलाल, वार्ड 5 से पूजा बैरवा और वार्ड 10 से मनोज कुमार वर्मा) पर परचम फहराया है. इसके अलावा वार्ड 4 से नीतू मारवाड़ा और वार्ड 9 से नरेंद्र ने निर्दलीय के रूप में बाजी मारकर दोनों ही मुख्य राजनीतिक दलों के गणित को उलझा दिया है.

  • 09:07 AM • 14 Sep 2026

    Nagar Palika Result: उदयपुर के भीण्डर में कांग्रेस का 'पंजा' मजबूत, 10 में से 8 वार्डों पर कब्जा जमाकर बनाई एकतरफा बढ़त!

    उदयपुर जिले की भीण्डर नगर पालिका मतगणना से बेहद चौकाने वाले रुझान सामने आ रहे हैं, जहां शुरुआती 10 वार्डों के नतीजे घोषित होते ही कांग्रेस ने एकतरफा बढ़त हासिल कर ली है. वार्ड 6 से 10 तक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, जिसमें कांग्रेस ने लगातार 4 सीटें (वार्ड 7, 8, 9 और 10) अपने नाम कीं, जबकि वार्ड 6 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। अब तक के कुल 10 वार्डों के परिणाम में कांग्रेस ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 8 सीटों पर जीत का परचम फहराया है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) महज 2 सीटों पर ही सिमटती नजर आ रही है। कांग्रेस की इस जबरदस्त बढ़त के बाद मतगणना केंद्र के बाहर पार्टी समर्थकों में भारी उत्साह है और जश्न का माहौल बन चुका है.

  • 09:01 AM • 14 Sep 2026

    बारां निकाय Result LIVE: अंता नगर पालिका के वार्ड 8 से 14 के नतीजे घोषित

    बारां जिले की अंता नगर पालिका के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना दबदबा बनाते हुए वार्ड 8 से 14 के बीच 5 सीटों पर शानदार जीत हासिल की है. घोषित नतीजों के मुताबिक वार्ड 8 से दिनेश कुमावत, वार्ड 9 से नरेंद्र पंवार, वार्ड 11 से जीतू मालव, वार्ड 12 से सुनील और वार्ड 14 से दामिनी नागर ने भाजपा के चुनाव चिह्न पर परचम फहराया. वहीं, कांग्रेस की ओर से हीना शेख ने वार्ड 13 में जीत दर्ज की और वार्ड 10 से निर्दलीय प्रत्याशी आरिफ शेख ने बाजी मारकर प्रमुख दलों को चुनौती दी.

  • 08:54 AM • 14 Sep 2026

    धारियावाड़ निकाय चुनाव Result LIVE: शुरुआती 5 वार्डों में कांग्रेस का दबदबा, 4 सीटों पर कब्जा; बीजेपी को मिली 1 सीट

    प्रतापगढ़ जिले की धारियावाड़ नगर पालिका के चुनाव नतीजों में कांग्रेस पार्टी ने शानदार शुरुआत करते हुए मजबूत बढ़त बना ली है. घोषित शुरुआती वार्ड परिणामों में वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस की सविता चौधरी, वार्ड नंबर 4 से हरीराम चौधरी, वार्ड नंबर 6 से सोनल जैन और वार्ड नंबर 7 से प्रकाश ने परचम फहराते हुए कांग्रेस के खाते में 4 सीटें डाल दी हैं. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी अपना खाता खोलते हुए वार्ड नंबर 3 से अनवर हुसैन को विजय दिलाई है। कांग्रेस की इस शुरुआती बढ़त से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

  • 08:49 AM • 14 Sep 2026

    सादुलशहर वार्ड 1 Result LIVE: निर्दलीय बृज लाल ने मारी बाजी, कांटे की टक्कर में प्रतिद्वंदियों को पछाड़ा!

    Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर नगर पालिका के वार्ड नंबर 1 में आए नतीजों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. जहां निर्दलीय उम्मीदवार बृज लाल ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखते हुए अपने सभी प्रतिद्वंदियों को पछाड़कर शानदार जीत हासिल कर ली है. बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में मिली इस विजय के बाद उनके समर्थकों और स्थानीय मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

  • 08:41 AM • 14 Sep 2026

    राजस्थान निकाय चुनाव Result LIVE: 117 सीटों के आए नतीजों में BJP की बढ़त, 62 पर खिला कमल

    राजस्थान नगर निकाय चुनाव की मतगणना में शुरुआती रुझानों और नतीजों की तस्वीर साफ होने लगी है, जहां अब तक घोषित 117 सीटों के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना दबदबा बनाते हुए 62 सीटों पर शानदार जीत हासिल की है. वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने 33 सीटों पर परचम फहराया है, जबकि 20 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारकर दोनों ही प्रमुख दलों का गणित बिगाड़ दिया है.

  • 08:27 AM • 14 Sep 2026

    Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: धौलपुर जिले के सरमथुरा सीट पर कांग्रेस के लिए बड़ी खुश खबरी

    राजस्थान नगर निकाय चुनाव परिणामों के बीच धौलपुर जिले की सरमथुरा नगर पालिका से कांग्रेस के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. कुल 25 वार्डों वाली सरमथुरा नगर पालिका में कांग्रेस ने अपनी पहली जीत दर्ज करते हुए खाता खोल लिया है. चुनावी मैदान में किसी प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार का नामांकन न होने और बिना किसी चुनौती के कांग्रेस प्रत्याशी को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया. इस बिन मुकाबले मिली जीत की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई, जिसके बाद मतगणना केंद्र के बाहर जमकर आतिशबाजी और जश्न का दौर शुरू हो चुका है. 

  • 08:19 AM • 14 Sep 2026

    राजस्थान नगर पालिका Result LIVE: अलवर जिले के नौगांव में बीजेपी का खाता खुला

    राजस्थान के अलवर जिले के नौगांव नगर पालिका से बड़ी खबर सामने आ रही है. कुल 20 वार्डों वाली नौगांवा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना खाता खोलते हुए 1 सीट पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली है. प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के नामांकन या मैदान में चुनौती न होने के चलते भाजपा प्रत्याशी को बिना किसी मुकाबले के विजयी घोषित कर दिया गया, जिससे समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. 

  • 07:57 AM • 14 Sep 2026

    चित्तौड़गढ़ के कपासन सीट में बीजेपी ने खोला खाता, 1 सीट पर निर्विरोध दर्ज की पहली जीत!

    चित्तौड़गढ़ जिले की कपासन नगर पालिका से बड़ी खबर सामने आ रही है. कुल 25 वार्डों वाली कपासन नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना खाता खोलते हुए 1 सीट पर निर्विरोध रूप से जीत दर्ज कर ली है. प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के नामांकन या मैदान में चुनौती न होने के चलते भाजपा प्रत्याशी को बिना किसी मुकाबले के विजयी घोषित कर दिया गया, जिससे समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. 

  • 07:43 AM • 14 Sep 2026

    Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम

    Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: जयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर समेत प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में मतगणना के दौरान सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नया रूट प्लान लागू किया है. काउंटिंग सेंटर्स से जुड़े मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही डायवर्ट कर दी गई है और आम लोगों की आसानी के लिए पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों का नक्शा जारी किया है. इसके अलावा, सुरक्षा के लिहाज से मतगणना स्थलों के 500 मीटर के दायरे में नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है, जहां किसी भी वाहन की पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

  • 07:41 AM • 14 Sep 2026

    Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: राजधानी से लेकर प्रमुख सियासती गढ़ों पर सबकी नजरें

    जयपुर, जोधपुर और कोटा समेत प्रदेश के 10 प्रमुख नगर निगमों में जनता का रुख क्या रहा, इस पर पूरे राज्य की निगाहें जमी हुई हैं. राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, इन बड़े शहरी केंद्रों के नतीजे न केवल स्थानीय सत्ता तय करेंगे, बल्कि 2028 के राज्य स्तरीय राजनीतिक मूड और रुझान का भी सीधा संकेत देंगे. फिलहाल दोनों ही प्रमुख दल (भाजपा और कांग्रेस) इन सियासी गढ़ों में पूर्ण बहुमत के साथ अपना बोर्ड बनाने का दावा कर रहे हैं.