राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय (HJU) के दीक्षांत समारोह में उस वक्त अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक छात्रा ने मंच पर डिग्री लेते समय सूबे के उपमुख्यमंत्री (Dy CM) के सामने ही तीखा तंज कस दिया. छात्रा ने भरे मंच से कहा, "हमारी बेइज्जती करके हमें इज्जत देने के लिए आपका शुक्रिया." छात्रा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विश्वविद्यालय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, विश्वविद्यालय ने अपने दो बैच के कुल 271 विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह के लिए आमंत्रित किया था. विद्यार्थी दूर-दराज के इलाकों से अपने माता-पिता के साथ इस उम्मीद में आए थे कि उन्हें सम्मान के साथ डिग्री दी जाएगी. समारोह के दौरान अतिथियों के भाषण हुए और गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को मेडल भी दिए गए. लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब गोल्ड मेडल वितरण के तुरंत बाद समारोह की समाप्ति की घोषणा कर दी गई और बाकी छात्र अपनी डिग्री का इंतजार करते रह गए.
छात्रों ने महसूस की 'बेइज्जती'
छात्रा का आरोप है कि गोल्ड मेडलिस्ट को सम्मानित करने के बाद प्रशासन ने बाकी छात्रों को नजरअंदाज कर दिया. छात्र और उनके अभिभावक, जो अपना समय और पैसा खर्च करके इस खास पल को देखने आए थे, खुद को बेहद अपमानित महसूस कर रहे थे. छात्रों का कहना है कि उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी तीन साल की मेहनत की कोई वैल्यू ही नहीं है.
खैरात की तरह बांटी गई डिग्री
हंगामे और छात्रों के विरोध के बाद जब मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्ति वापस आए, तब जाकर डिग्री वितरण शुरू हुआ. छात्रा ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि डिग्री छात्रों का अधिकार है, जिसे विश्वविद्यालय ने 'खैरात' की तरह पेश किया. छात्रों को बिठाकर आनन-फानन में डिग्री थमा दी गई, जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची. इसी नाराजगी के चलते छात्रा ने मंच पर डिग्री लेते समय डिप्टी सीएम के सामने अपना विरोध दर्ज कराया.
ये भी पढ़ें: जयपुर की सड़क पर काले चश्मे वाली लड़की की गुंडागर्दी वाला वीडियो हो रही वायरल, जानें क्या है ये पूरा मामला
ADVERTISEMENT


