राजस्थान में हाल ही में संपन्न हुए जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के परिणामों ने राज्य के पारंपरिक राजनीतिक ढर्रे को चुनौती दी है. लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के इर्द-गिर्द सिमटी राजस्थान की राजनीति में अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) जैसी क्षेत्रीय शक्तियां अपनी मौजूदगी मजबूती से दर्ज करा रही हैं. स्थानीय निकाय के इन आंकड़ों ने 2028 के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों प्रमुख दलों के शीर्ष नेताओं की धड़कनें बढ़ा दी हैं. विस्तार से समझिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
नागौर और बाड़मेर के बाद जयपुर तक दिखा RLP का असर
आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में पार्टी ने नागौर, बाड़मेर और जयपुर के ग्रामीण इलाकों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए खुद को 'किंग मेकर' की स्थिति में ला खड़ा किया है. कई सीटों पर जहां कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर थी, वहां आरएलपी प्रत्याशियों के प्रदर्शन ने सीधे तौर पर जय-पराजय का गणित तय कर दिया. नागौर जिला परिषद और कई पंचायत समितियों में पार्टी की निर्णायक भूमिका ने यह साबित कर दिया है कि स्थानीय स्तर पर मतदाता अब पारंपरिक विकल्पों से इतर भी रुख कर रहे हैं.
बेनीवाल का अगला लक्ष्य: सीकर, बीकानेर और हनुमानगढ़
मारवाड़ और जयपुर बेल्ट में मिली बढ़त के बाद आरएलपी ने अब शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान के इलाकों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है. चर्चाएं तेज है कि पार्टी की भावी रणनीति के तहत सीकर, बीकानेर और हनुमानगढ़ जिलों में सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने और 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले नागौर जैसा प्रभाव कायम करने का खाका तैयार किया जा रहा है. यदि यह क्षेत्रीय विस्तार सफल रहता है, तो आगामी राज्य चुनावों में सत्ता की चाबी क्षेत्रीय दलों के हाथ में जाने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता.
जाट और युवा वोट बैंक में सेंधमारी
राजस्थान के चुनावी नतीजों से यह साफ जाहिर होता है कि जाट बहुल इलाकों और युवा मतदाताओं के बीच आरएलपी का जनाधार मजबूत हुआ है. जहां एक ओर सीकर और झुंझुनू में कांग्रेस ने वापसी की है, वहीं नागौर और आसपास के इलाकों में बेनीवाल की पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के वोट बैंक में सीधी सेंध लगाई है. वहीं, दक्षिण राजस्थान के आदिवासी अंचल में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के लगातार बढ़ते प्रभाव ने भी दोनों बड़ी राष्ट्रीय पार्टियों के लिए नई चुनौती पेश की है.
2028 से पहले बदलेगा राजस्थान का सियासी समीकरण?
राजस्थान में हर पांच साल पर सरकार बदलने का रिवाज रहा है, लेकिन कभी भी किसी तीसरी ताकत को पूरे राज्य के स्तर पर निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी थी. हालांकि, मौजूदा परिदृश्य, निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रति जनता का बढ़ता रुझान और आरएलपी जैसी पार्टियों का लगातार मजबूत होना इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि 2028 का मुकाबला त्रिकोणीय या बहुकोणीय हो सकता है.
ADVERTISEMENT


