Rajasthan news : राजस्थान के सरकारी स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों, रिपोर्टिंग, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और लाइव स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने के शिक्षा विभाग के हालिया आदेश को लेकर विवाद गहरा गया है. शिक्षा विभाग द्वारा 16 अगस्त को जारी इस दिशा-निर्देश पर सवाल उठने के बाद राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अपना पक्ष रखा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम बच्चों की सुरक्षा और उनकी गरिमा को बनाए रखने के लिए उठाया गया है. शिक्षामंत्री ने साफ किया कि मीडिया के प्रवेश पर पाबंदी नहीं है बल्कि इसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
सुरक्षा का जिम्मा विद्यालय प्रशासन का
शिक्षा मंत्री मदन आज तक से बातचीत के दौरान कहा कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे नाबालिग होते हैं और उनकी सुरक्षा का संपूर्ण जिम्मा विद्यालय प्रशासन और शिक्षा विभाग का होता है. अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित वातावरण की उम्मीद के साथ स्कूल भेजते हैं. यदि स्कूल परिसर के भीतर कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसके लिए समाज और अभिभावक स्कूल प्रशासन को ही जिम्मेदार ठहराते हैं.
उन्होंने कहा कि नियमों में पहले से ही नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और बिना अनुमति फोटोग्राफी पर रोक से जुड़े प्रावधान शामिल हैं. ऐसे में किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना संस्था प्रधान (प्रधानाचार्य) की पूर्व अनुमति के स्कूल परिसर में प्रवेश करने या बच्चों से बातचीत करने का अधिकार नहीं है.
अनुमति लेकर ही हो सकेगी एंट्री
पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभाग ने किसी विशेष वर्ग को ध्यान में रखकर रोक नहीं लगाई है. उन्होंने कहा कि यदि किसी काम के लिए स्कूल में प्रवेश आवश्यक है, तो संस्था प्रधान की अनुमति लेकर ही अंदर जाया जा सकता है. संस्था प्रधान जब पूरी तरह आश्वस्त होंगे कि इससे बच्चों की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ेगा, तब अनुमति दी जा सकती है.
बदहाली और व्यवस्थाओं पर क्या बोले मंत्री?
जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि बिना कैमरों के स्कूलों की जर्जर हालत और बदहाली की खबरें सामने कैसे आएंगी, तो उन्होंने जवाब दिया कि स्कूलों में हर महीने अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित की जाती है. स्कूल विकास समिति (SDMC) भी व्यवस्थाओं की देखरेख करती है. अभिभावक और समिति के सदस्य व्यवस्थाओं पर नजर रखते हैं. यदि किसी रिकॉर्डिंग की वास्तविक आवश्यकता होगी, तो प्रशासन स्वयं उसकी व्यवस्था करके उपलब्ध कराएगा.
ADVERTISEMENT


