'अब वोट-चोरी हुई या नहीं बता दो कांग्रेस वालों', पंचायत चुनाव में हार पर मदन राठौड़ का बड़ा बयान

• 11:43 AM • 21 Nov 2026

राजस्थान पंचायत चुनाव परिणामों के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने जनादेश का सम्मान किया है, जबकि कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करने के बजाय निराधार आरोप लगा रही है.

Madan Rathore
Madan Rathore
Google CTA

राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जनादेश को पूरी विनम्रता से स्वीकार किया है और अपनी हार की समीक्षा भी कर रही है, लेकिन कांग्रेस को भी अपनी हार वाले क्षेत्रों में आत्ममंथन करना चाहिए.

Read more!

जनादेश का सम्मान और समीक्षा

मदन राठौड़ ने वीडियो बयान में कहा कि हम जनादेश का पूरा सम्मान करते हैं. हमसे कहां त्रुटि हुई, इसकी पूरी समीक्षा की जाएगी. जनता की सेवा के लिए पार्टी पहले से अधिक ताकत और समय लगाकर काम करेगी ताकि जनता का विश्वास और मजबूत किया जा सके.

कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस के बयानों और आरोपों पर पलटवार करते हुए मदन राठौड़ ने सवाल किया कि अब कांग्रेस पार्टी को यह जवाब देना चाहिए कि "वोट-चोरी" हुई या नहीं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार यह भ्रम फैलाती रही है कि सत्ता, ईवीएम या अन्य संवैधानिक व्यवस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. अब जब परिणाम आए हैं, तो कांग्रेस के वे तमाम आरोप झूठे साबित हो गए हैं.

राठौड़ ने आगे कहा कि जैसे बीजेपी ने जनादेश को स्वीकार किया है, वैसे ही कांग्रेस को भी अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए. जीत मिलने पर अपनी पीठ थपथपाने वाली कांग्रेस पार्टी को हार मिलने पर निष्पक्ष संस्थाओं पर आरोप मढ़ने की आदत छोड़नी होगी और अपने गिरेबान में झांककर समीक्षा करनी चाहिए.

ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत समेत 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपनी सियासी जमीन, कांग्रेस ने 23 जिला परिषदों में जमाया कब्जा