केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत समेत 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपनी सियासी जमीन, कांग्रेस ने 23 जिला परिषदों में जमाया कब्जा
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समितियों में भाजपा से बढ़त बनाई. कांग्रेस को 23 जिला परिषदों में बहुमत मिला, जबकि भाजपा सिर्फ 5 पर सिमटी. कई मंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के क्षेत्रों में भी भाजपा को हार मिली. आठ जिलों में निर्दलीयों की भूमिका अहम हो गई.
ADVERTISEMENT

राजस्थान की सियासत में गांवों से आया चुनावी नतीजा भाजपा के लिए कई सवाल छोड़ गया है. विधानसभा और शहरी निकाय चुनावों में जीत का स्वाद चखने वाली भाजपा को पंचायत चुनावों में बड़ा झटका लगा है. दूसरी तरफ कांग्रेस ने ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ दिखाते हुए जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक बढ़त बना ली है. इस चुनाव में 17 राज्य सरकार के मंत्री और 3 केंद्रीय मंत्री अपनी सियासी जमीन नहीं बचा पाए.
सबसे ज्यादा चर्चा उन इलाकों की हो रही है, जहां भाजपा के बड़े नेता, मंत्री और केंद्रीय मंत्री अपनी पार्टी को जीत नहीं दिला सके. जिन क्षेत्रों में मंत्रियों ने प्रचार के लिए पूरी ताकत लगाई, वहां भी पार्टी को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले. कई जगह तो भाजपा के उम्मीदवार कांग्रेस के मुकाबले काफी पीछे रह गए.
इन नतीजों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी है? क्या ग्रामीण इलाकों में सरकार के कामकाज को लेकर नाराजगी है? या फिर स्थानीय नेताओं का अपने मतदाताओं से संपर्क कमजोर हुआ है?
आइए, आंकड़ों से समझते हैं कि राजस्थान के पंचायत चुनावों में किस पार्टी को कितना फायदा हुआ और किन बड़े नेताओं के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा.
23 जिला परिषदों में कांग्रेस, भाजपा सिर्फ 5 पर सिमटी
राजस्थान की 37 जिला परिषदों के नतीजों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है. पार्टी को 23 जिला परिषदों में स्पष्ट बहुमत मिला है. इसके अलावा 4 जगह कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
वहीं, सत्ताधारी भाजपा को सिर्फ 5 जिला परिषदों में बहुमत मिला. सलूंबर में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी है, जबकि नागौर में हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. आठ जिला परिषदों में किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. यहां निर्दलीय और दूसरी पार्टियों के सदस्यों की भूमिका अहम हो गई है.
कांग्रेस को जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, बाड़मेर, भरतपुर, बीकानेर, दौसा, झुंझुनूं, धौलपुर और कई दूसरे जिलों में बढ़त मिली है. भाजपा उदयपुर, अजमेर, पाली, झालावाड़ और ब्यावर में बहुमत हासिल करने में सफल रही.
पंचायत समितियों में भी कांग्रेस का दबदबा
जिला परिषदों के बाद पंचायत समिति के आंकड़े भी कांग्रेस के पक्ष में रहे. प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में से कांग्रेस ने 275 में जीत दर्ज की. भाजपा को केवल 63 पंचायत समितियों में जीत मिली. इसके अलावा 64 पंचायत समितियां अन्य दलों और निर्दलीयों के खाते में गईं. 17 पंचायत समितियों में किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला.
पंचायत समिति सदस्यों की सीटों के आंकड़े देखें तो कांग्रेस को 3,758 सीटें मिली हैं. भाजपा 2,213 सीटों पर सिमट गई. अन्य दलों और निर्दलीयों का प्रदर्शन भी इस चुनाव में चर्चा में रहा. निर्दलीयों ने 662 सीटें जीतीं. आरएलपी को 497, बीएपी को 278, बसपा को 60, सीपीआईएम को 50 और आम आदमी पार्टी को 2 सीटें मिलीं. यह आंकड़ा 7,520 घोषित नतीजों का है. कुल 7,543 पंचायत समिति वार्डों में से बाकी सीटों की मतगणना 17 दिसंबर को होनी है.
इन जिलों में कांग्रेस ने बनाई बढ़त
जिला परिषदों के नतीजों में कांग्रेस ने जयपुर, जोधपुर, अलवर, सीकर, भरतपुर, बीकानेर, दौसा, धौलपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, टोंक, बूंदी, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सिरोही और दूसरे जिलों में बहुमत हासिल किया. इन नतीजों में अलवर और जयपुर जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिलों का प्रदर्शन काफी चर्चा में है.
भाजपा को उदयपुर, अजमेर, पाली, झालावाड़ और ब्यावर में बहुमत मिला. सलूंबर में पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनी.
आठ जिलों में निर्दलीय बने किंगमेकर
इस चुनाव में सिर्फ कांग्रेस और भाजपा के प्रदर्शन के बाद कई जिलों में निर्दलीय और छोटे दलों ने भी अहम भूमिका निभाई है. बालोतरा, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, सलूंबर, प्रतापगढ़, डीग, डीडवाना-कुचामन और बांसवाड़ा जैसे जिलों के नतीजों में मुकाबला दिलचस्प रहा.
खैरथल-तिजारा में कांग्रेस और भाजपा दोनों को 10-10 सीटें मिलीं. यहां निर्दलीयों के पास 3 और बसपा के पास 2 सीटें हैं. डूंगरपुर में कांग्रेस और भाजपा समर्थित मुकाबले के साथ भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की भूमिका भी अहम है. वहीं बालोतरा में कांग्रेस और भाजपा बराबरी पर रहीं. यहां आरएलपी के सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई. ऐसे में इन क्षेत्रों में बोर्ड बनाने के लिए दूसरी पार्टियों और निर्दलीयों का समर्थन जरूरी हो सकता है.
भाजपा को नहीं मिली 10 जिला परिषदों में एक भी सीट
भाजपा के प्रदर्शन को समझने के लिए जिला परिषदों के वार्डों के आंकड़े भी अहम हैं. पार्टी को कई जिलों में बेहद कम सीटें मिलीं. जोधपुर की 43 सीटों में भाजपा को 9 सीटें मिलीं. अलवर की 39 सीटों में भाजपा सिर्फ 4 सीटें जीत सकी. नागौर की 37 सीटों में भाजपा को 7, भरतपुर की 31 सीटों में 9 और बीकानेर की 41 सीटों में 8 सीटें मिलीं. दौसा की 37 सीटों में भाजपा को सिर्फ 2 और चित्तौड़गढ़ की 35 सीटों में 7 सीटें मिलीं. जैसलमेर की 21 सीटों में पार्टी को एक सीट पर जीत मिली.
टोंक में भाजपा को 5, प्रतापगढ़ में 7, फलोदी में 2 और बांसवाड़ा में 5 सीटें मिलीं. वहीं, सलूंबर में भाजपा को 9, सवाई माधोपुर में 4, सिरोही में 5 और हनुमानगढ़ में 7 सीटें मिलीं.
छह बड़े चेहरों के परिवारों की भी चुनाव में चर्चा
पंचायत चुनावों में कई ऐसे चेहरे भी जीतकर सामने आए, जिनका संबंध राजस्थान के बड़े राजनीतिक परिवारों से है. पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और उनकी बहू कनिका सिंह चुनाव जीतने वाले चेहरों में शामिल हैं. इसके अलावा भाजपा की झुंझुनूं जिला अध्यक्ष हर्षिणी कुल्हरी ने भी जीत दर्ज की.
विधायक सुशीला डूडी की ननद निकिता डूडी और विधायक दीदी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा भी चुनाव जीतने वालों में शामिल हैं. वहीं, पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना की जीत भी चर्चा में रही.
अब समझिए, 17 मंत्रियों के क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहा
पंचायत चुनावों के नतीजों में भाजपा के लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात अपने मंत्रियों के निर्वाचन क्षेत्रों में मिला परिणाम रहा. सरकार के कई मंत्रियों के इलाके में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. मंत्रियों ने अपने क्षेत्रों में प्रचार किया. उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाया. इसके बावजूद कई पंचायत समितियों में भाजपा को जीत नहीं मिली.
1. डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के क्षेत्र में भाजपा तीसरे नंबर पर
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के दूदू विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन चर्चा में रहा. क्षेत्र की तीन पंचायत समितियों में पार्टी तीसरे नंबर पर पहुंच गई. फागी पंचायत समिति में भाजपा का एक भी प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर सका. जयपुर जिले के कोटखावदा से आने वाले बैरवा अपने क्षेत्र में जिला परिषद चुनाव में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं दिला पाए.
2. झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चार उम्मीदवार हारे
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के लिए बड़ा झटका रहा. उन्होंने पार्टी के भीतर विरोध के बावजूद अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट दिलाने की कोशिश की थी. उनके बेटे और भाई की पत्नी समेत चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. लेकिन चारों को हार का सामना करना पड़ा. श्रीमाधोपुर और अजीतगढ़ पंचायत समितियों में भी भाजपा को मजबूत प्रदर्शन करने का मौका नहीं मिला.
3. गजेंद्र सिंह खींवसर के क्षेत्र में भाजपा का खाता नहीं खुला
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी लोहावट पंचायत समिति में भाजपा का एक भी प्रत्याशी जीत नहीं सका. यह नतीजा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी खुद मंत्री के पास है. इसके बावजूद उनके क्षेत्र में पार्टी को चुनावी सफलता नहीं मिली.
4. किरोड़ीलाल मीणा के सवाई माधोपुर में भी भाजपा पीछे
कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के अपने क्षेत्र सवाई माधोपुर में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. यहां जिला परिषद के 23 वार्डों में से भाजपा सिर्फ 6 सीटें जीत सकी. जिला परिषद चुनाव में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा.
5. बाबूलाल खराड़ी के क्षेत्र में भी भाजपा को झटका
जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी के झाड़ोल क्षेत्र में भाजपा को 15 वार्डों में से सिर्फ 5 सीटें मिलीं. आदिवासी बहुल इलाके में पार्टी का यह प्रदर्शन भी राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया.
6. दूसरे मंत्रियों के क्षेत्रों में भी पार्टी को नुकसान
सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत के जैतारण में भाजपा को हार मिली. पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के सुमेरपुर में भी पार्टी को सफलता नहीं मिली. विधि मंत्री जोगाराम पटेल के लूणी और जोधपुर जिला परिषद क्षेत्र में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा. खाद्य मंत्री सुमित गोदारा के लूणकरणसर और सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक के बड़ी सादड़ी में भी भाजपा को जीत नहीं मिली.
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के नगर और जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत के अजमेर ग्रामीण क्षेत्र में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी मालपुरा में जीत दिलाने में सफल रहे, लेकिन दो पंचायत समितियों में भाजपा को हार मिली. उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के झोटवाड़ा क्षेत्र में भी भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा. यहां पंचायत समिति के 15 वार्डों में पार्टी सिर्फ एक सीट जीत सकी.
तीन केंद्रीय मंत्रियों के गृह जिलों में भी भाजपा को झटका
इस चुनाव में राज्य सरकार के मंत्रियों के अलावा केंद्र सरकार में मंत्री तीन बड़े नेताओं के गृह या निर्वाचन क्षेत्र वाले जिलों में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली.
अर्जुन राम मेघवाल के बीकानेर में भाजपा को 8 सीटें
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के गृह जिले बीकानेर में जिला परिषद के कुल 41 वार्ड हैं. इनमें भाजपा को सिर्फ 8 सीटों पर जीत मिली.
गजेंद्र सिंह शेखावत के जोधपुर में भी पार्टी पीछे
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह जिले जोधपुर की जिला परिषद में कुल 43 वार्ड हैं. यहां भाजपा के खाते में सिर्फ 9 सीटें आईं.
भूपेंद्र यादव के अलवर में भाजपा को सिर्फ 4 सीटें
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्वाचन क्षेत्र वाले अलवर जिले में भी भाजपा का प्रदर्शन चर्चा में रहा. अलवर जिला परिषद के 39 वार्डों में से पार्टी सिर्फ 4 सीटें जीत सकी. कांग्रेस को यहां स्पष्ट बहुमत मिला.
