Rajasthan Weather Today: तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि...7 अप्रैल को मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Rajasthan Mausam Update: राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से 7 अप्रैल को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बढ़ गया है. 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी हुआ है, जिससे लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Rajasthan Weather Today
Rajasthan Weather Today

संदीप कुमार

follow google news

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, एक नए और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में आसमान का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. सोमवार से शुरू हुआ ये बदलाव आज 7 अप्रैल को भी जारी रहेगा. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार आज, प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना जताई गई है. इसके लिए IMD प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

Read more!

राजस्थान में 7 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार आज यानी की 7 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में विक्षोभ का ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा. इनके इलाकों के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश के साथ-साथ 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है. वहीं जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं, और बीकानेर में बादलों के गरजने के के साथ ओलावृष्टि होने की भी आशंका है. ऐसे में बारिश और आंधी के चलते प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. इससे दिन में पड़ने वाली तपिश से राहत मिल रही है.

इन जिलों में जारी किया गया ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में बादल गरजने , बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. इनमें जयपुर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, ब्यावर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, फलौदी और श्रीगंगानगर और टोंक शामिल है.

देखें येलो अलर्ट वाले जिलें कौन से हैं

विभाग के येलो अलर्ट के अनुसार, मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इनमें भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, झालावाड़, राजसमंद, सलूम्बर, उदयपुर और बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, जालौर और पाली शामिल है.

आने वाले दिनों में राजस्थान के मौसम का हाल

आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो विभाग के अनुसार, 8 अप्रैल को भी बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. हालांकि, राज्य के अधिकांश भागों में कल से मौसम शुष्क होने लगेगा. 9 अप्रैल से अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है, जिससे तापमान में एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इसके बाद 11 अप्रैल से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं, जो दोबारा मौसम को प्रभावित कर सकता है.

विशेष सलाह और चेतावनी

प्रदेश के बदलते मौसम को देखते हुए विभाग ने किसानों के लिए भी सलाह जारी की है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पकी हुई फसलों और कृषि मंडियों में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ढककर रखने को कहा है, जिससे कि इन्हें बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके. मौसम विभाग ने कहा है कि आज यानी 7 अप्रैल को सतर्कता बरतने की जरूरत है. खासकर उन जिलों में जहां 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

    follow google news