Rajasthan Weather Update: उत्तर भारत में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ ने राजस्थान के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाली 18 मार्च को राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. जिससे तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है.
ADVERTISEMENT
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, 18 मार्च से प्रदेश में एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसका सबसे ज्यादा असर जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा. 18 मार्च को बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने के साथ-साथ मेघ गर्जन और हल्की बारिश हो सकती है.
ओलावृष्टि और बारिश का डबल अटैक
विक्षोभ का असर केवल आंधी तक सीमित नहीं रहेगा. विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) भी हो सकती है. इससे पहले भी खैरथल और तिजारा जैसे क्षेत्रों में ओले गिरने से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा चुकी है. 18 मार्च के बाद, यानी 19 और 20 मार्च को इस सिस्टम का विस्तार जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग तक हो जाएगा, जहां मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम में आए इस अचानक बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेज आंधी और ओलावृष्टि खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है. ऐसे में कटी हुई फसलों और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का सुझाव दिया गया है. साथ ही, आम लोगों को आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है.
तापमान में आएगी गिरावट
मार्च के महीने में जहां पारा लगातार बढ़ रहा था, वहीं इस सिस्टम के आने से गर्मी के तेवर नरम पड़ जाएंगे. रात के तापमान में पहले ही गिरावट दर्ज की जा चुकी है और 18 मार्च के बाद दिन के तापमान में भी उल्लेखनीय कमी आने के आसार हैं, जिससे प्रदेशवासियों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: मानवेंद्र सिंह जसोल के खिलाफ चारण समाज ने खोला मोर्चा, 'चरित्रहीन' बताकर सामाजिक बहिष्कार का किया ऐलान!
ADVERTISEMENT


