राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. मौसम केंद्र जयपुर (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, राज्य में आगामी 2-3 दिनों तक मौसम शुष्क रहने के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है. इसका सर्वाधिक असर मार्च के अंतिम दिनों में देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव और मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है.
ADVERTISEMENT
अगले 48 घंटों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 मार्च को राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों और शेखावाटी बेल्ट (सीकर, झुंझुनूं, चूरू) में कहीं-कहीं बादल गरजने और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं. हालांकि, शेष राजस्थान में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क बना रहेगा. पिछले 24 घंटों में बाड़मेर 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक 28 मार्च से एक शक्तिशाली विक्षोभ सक्रिय हो रहा है.
29-30 मार्च को विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर
28 मार्च का पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के साथ-साथ शेखावाटी क्षेत्र में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी. 29-30 मार्च को विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहेगा. जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चल सकती हैं. इस दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
फसलों की कटाई का समय होने के कारण मौसम विभाग ने विशेष सलाह जारी की है. इसके तहत खुले आसमान में पक कर तैयार फसलों को सुरक्षित स्थान पर रख लें. कृषि और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज और जिंसों को तिरपाल या प्लास्टिक से ढककर रखें ताकि भीगने से बचाया की तैयारी कर लें. मेघगर्जन और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें, सुरक्षित पक्के मकानों में रहें.
ADVERTISEMENT


